Ghosi: खेत में प्रचार करने पहुंचे जलशक्ति मंत्री से क्या बोलीं महिलाएं?, आटा चक्की वाले दादा का भी Video Viral
UP Ghosi By-Election: उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पक्ष में मतदान के लिए भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची पहले ही जारी कर दी गई थी। अब स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
इसी कड़ी में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का चुनाव प्रचार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गांव-गांव और खेत खलिहान में भी भ्रमण करते हुए खेतों में काम कर रही महिलाओं और पुरुषों से भी वोट मांग रहे हैं।

ऐसा ही एक वीडियो उन्होंने खुद अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया है, जिसमें चुनाव प्रचार के दौरान उनकी मुलाकात एक झोपड़ी में आटा चक्की चलाने वाले 97 साल के बुजुर्ग से होती है। मुलाकात के बाद उन्होंने बुजुर्ग के पैर छूकर आशीर्वाद लिए। इसी तरह धान के खेतों में काम करती महिलाओं से मिलकर वोट मांगने के वीडियो भी सामने आए हैं।
दरअसल, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के पक्ष में वोट मांगते हुए घोसी विधानसभा के बनियापुर गांव में पहुंचे। गांव में पहुंचकर उन्होंने देखा कि धान के खेत में कुछ महिलाएं निराई कर रही थी। ऐसे में उन्होंने खुद को रोक नहीं पाया और वह खुद महिलाओं के पास चले गए।
महिलाओं के पास जाकर उन्होंने पहले महिलाओं से दारा सिंह चौहान के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने महिलाओं से दारा सिंह चौहान को वोट देने की अपील की। इसी तरह गांव में प्रचार के दौरान जनता की समस्याओं को भी उन्होंने सुना और समस्याओं का निराकरण करने के लिए आश्वासन भी दिया। ग्रामीणों द्वारा गांव में ट्यूबवेल लगवाने की मांग की गई जिस पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इस दिशा में भी काम किया जाएगा।
आखिर क्यों छुए दादा का पैर
इसी तरह चुनाव प्रचार के दौरान का जल शक्ति मंत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा रहा है कि जल शक्ति मंत्री एक बुजुर्ग व्यक्ति का पैर छूकर आशीर्वाद ले रहे हैं। दरअसल, यह वीडियो घोसी विधानसभा के हंडुआ गांव का है। इस वीडियो को जल शक्ति मंत्री ने खुद ट्वीट किया है। बताया जा रहा है कि गांव में जल शक्ति मंत्री शनिवार को चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे।
चुनाव प्रचार के दौरान उनकी मुलाकात बुजुर्ग रामबचन सिंह पटेल से हुई। रामबचन सिंह अपनी झोपड़ी में आटा चक्की चलाते हैं। ऐसे में जब उन्होंने राम बचन सिंह पटेल की उम्र के बारे में पूछा तो बुजुर्ग राम बचन सिंह पटेल ने उन्हें बताया कि उनकी उम्र 97 साल है। ऐसे में जलशक्ति मंत्री ने कहा कि 75 साल के बाद इंसान पर ईश्वर हो जाते हैं, फिर तो आपको भगवान का दर्जा मिल गया है, ऐसे में उन्होंने बुजुर्ग के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की भी अपील की।
संवाद सूत्र- सुशील सिंह, मऊ, उत्तर प्रदेश












Click it and Unblock the Notifications