UP News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सपा पर साधा निशाना, बोले- बागेश्वर उपचुनाव में सपा की वजह से हारी कांग्रेस
UP News: घोसी उपचुनाव परिणाम के बाद बुधवार को मऊ पहुंचे कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को समर्थन दिया गया और कांग्रेस के नेताओं ने घोसी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी का प्रचार किया।
लेकिन समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है, जिसके चलते उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर समाजवादी पार्टी द्वारा कांग्रेस को समर्थन नहीं दिया गया। यदि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में साथ दी होती तो वहां पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होती। उन्होंने यह भी कहा कि बागेश्वर में समाजवादी पार्टी की कोई अस्तित्व नहीं है।

उन्होंने आगे यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी इस भ्रम में न रहे की घोसी में उन्होंने अपने दम पर मैदान फतह की है। घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी सुधाकर सिंह को चुनाव जीतने के लिए मऊ ही नहीं आसपास के जनपदों के भी कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता घोसी में पहुंचकर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार किए थे।
उत्तराखंड विधानसभा की बागेश्वर सीट के उपचुनाव परिणाम के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि बागेश्वर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मात्र 1600 वोटों से चुनाव हार गए। चुनाव मैदान में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को 2200 वोट मिले थे। इससे स्पष्ट है कि बागेश्वर में यदि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को समर्थन दिया होता तो वहां कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होती।
भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर किए माल्यार्पण
दरअसल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय बुधवार को मऊ जनपद में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान भीटी स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर उन्होंने माल्यार्पण किया। माल्यार्पण करने के बाद वहां पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया।
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज को उठाने का काम कर रही है। देश और प्रदेश की तानाशाह सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क पर है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications