फरियादियों की खुदकुशी को लेकर योगी के मंत्री ने दिया अजीबोगरीब बयान, कहा- सुसाइड बीमारी है
मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार में पशुपालन और दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण से चरमराई कानून-व्यवस्था और थाने में आ रहे फरियादियों की खुदकुशी पर सवाल पूछे गये तो उन्होंने अजीबोगरीब जवाब देते हुए कहा कि सुसाइड बीमारी है और पुलिस व्यवस्था से इसकी तुलना नहीं की जा सकती। मंत्री ने यूपी पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि अब तो इसको सारा भारतवर्ष अच्छी तरह से जान रहा है।

जनपद के सुरीर कोतवाली क्षेत्र में दंपति ने आत्मदाह किया और उसके बाद थाना राया में समाधान दिवस में एक फरियादी विषाक्त सेवन करने के बाद अपनी शिकायत लेकर पहुंचा था जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। गुरुवार को प्रदेश के पशुपालन और दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण कस्बा राया आए तो इस दौरान पत्रकारों ने कानून-व्यवस्था और मथुरा में फरियादियों द्वारा सुसाइड जैसा आत्मघाती कदम उठाने के संबंध में सवाल पूछे।

सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि सुसाइड तो एक बीमारी है, जब डिप्रेशन व्यक्ति पर पूरी तरह हावी हो जाता है तो वह सुसाइड कर लेता है। उन्होंने विदेश में कोर्ट में खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर लेने वाले जज का उदाहरण दिया। साथ ही मंत्री ने प्रदेश पुलिस का महिमा मंडन करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को तो इस समय पूरा भारतवर्ष अच्छी तरह से जान रहा है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था का प्रतीक ये है कि पिछली सरकारों में 15 वर्ष के दौरान कोई भी इंडस्ट्रीयलिस्ट यहां इन्वेस्ट करने नहीं आया था लेकिन हमारी सरकार बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी ने 4 हज़ार करोड़ की इंडस्ट्री की बुनियाद रखी थी और अबकी बार गृह मंत्री ने प्रदेश में 65 हज़ार करोड़ की इंडस्ट्रीज और विकास कार्यों की बुनियाद रखी है। इससे जाहिर है कि बेहतर कानून व्यवस्था, बिजली, पानी और सड़क मिले, यही हर उद्योगपति चाहता है और पूरे देश मे आज इन सारी चीजों की सुविधा उत्तर प्रदेश में है। मंत्री ने यह भी कहा कि यदि कहीं पुलिस की कोई लापरवाही होती है तो वहां सीएम योगी ने कठोर कार्रवाई की है।












Click it and Unblock the Notifications