अगस्त क्रांति एक्सप्रेस में मिला कोरोना संदिग्ध यात्री, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मथुरा जंक्शन पर उतारा
मथुरा। मुंबई से दिल्ली जा रही अगस्त क्रांति एक्सप्रेस में कोरोना का संदिग्ध मरीज मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर रेलवे कर्मचारी पहुंच गए और मथुरा जंक्शन को सूचना दी। मथुरा जंक्शन पर ट्रेन पहुंचने पर पीड़ित यात्री को उतारने के लिए आरपीएफ के जवान चढ़े तो उसने उतरने से मना कर दिया। इससे असमंजस की स्थिति हो गई। तत्काल सूचना देकर स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाया गया। किसी तरह यात्री को ट्रेन से उतार कर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में पहुंचाया गया।

मुंबई से दिल्ली जा रही अगस्त क्रांति एक्सप्रेस के यात्रियों ने रेलवे कंट्रोल रूम आगरा को सूचना दी कि ट्रेन में कोरोना का संदिग्ध मरीज यात्रा कर रहा है। यात्री खांसी से परेशान था। 21 मार्च की शाम 7:00 बजे ट्रेन के मथुरा पहुंचते ही जांच के लिए टीटीई स्टाफ व आरपीएफ ने यात्री को उताने की कोशिश की लेकिन उसने उतरने से मना कर दिया। स्टाफ भी यात्री के पास जाने से कतरा रहा था। बाद में सूचना देकर स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। किसी तरह टीम ने यात्री को ट्रेन से उतारा और जिला अस्पताल लेकर आए।
आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करके उसकी जांच की जा रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर सीवी प्रसाद ने बताया कि यात्री को जिला अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा था कि यह युवक रशिया से भारत आया हुआ है। संदिग्ध डिब्बे में बैठा रहा और काफी मशक्कत करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसे ट्रेन से उतारा। बता दें कि अगस्त क्रांति एक्सप्रेस का स्टॉपेज पांच मिनट है, लेकिन एक घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। जिससे ट्रेन के यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications