नए साल पर अगर करना चाहते है बांकेबिहारी के दर्शन तो मथुरा आने से पहले जरूर पढ़ लें यह खबर
Banke Bihari Temple Visit In Mathura, मथुरा। नए साल पर अगर आप बांके बिहारी के दर्शन करना चाहते है और मथुरा आ रहे है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दरअसल, श्रद्धालुओं की भीड़ और कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है कि मंदिर में आने से पहले भक्तों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इतना ही नहीं, बिना मास्क लगाए श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। तो वहीं, दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने भी यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है। इसके तहत वृंदावन में बाहर से कोई वाहन नहीं जा सकेगा। केवल ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा। हालांकि बुजुर्ग और दिव्यांगों को प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। यह व्यवस्था 31 दिसंबर से दो जनवरी तक लागू रहेगी।
Recommended Video

नए साल की छुट्टियां मनाने और भगवान बांके बिहारी के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में भक्त आते है। लेकिन इस समय पूरी दुनिया कोरोना वायरस जैसी गंभीर महामारी से गुजर रही है। तो वहीं, बांके बिहारी मंदिर में सुरक्षा को देखते हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने का निर्णय लिया गया है। मंदिर प्रबंधन नें बांके बिहारी मंदिर में दर्शन को आने वाले भक्तों से अपील की है कि वो वेबसाइट पर जाकर ऑन लाइन बुकिंग का लाभ उठाये। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन न होने पर भगवान बांके बिहारी के दर्शन करना संभव नहीं होगा। साथ ही मंदिर प्रबंधन ने कहा है कि बिना मास्क लगाए श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
यातायात व्यवस्था में किया परिवर्तन
नए साल पर बांके बिहारी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने भी यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से चार पहिया वाहन का उपयोग न करने की अपील की है। साथ ही अलग-अलग मार्गों पर वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था की गई है। कई रूट डायवर्ट किए गए हैं। इस संबंध में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। बदली गई व्यवस्था में किसी श्रद्धालु तथा पर्यटक को परेशानी नहीं होगी।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
जानकारी के मुताबिक, छटीकरा-वृदांवन मार्ग पर मल्टीलेबल पार्किंग स्थल से आगे कोई वाहन नहीं जा सकेगा। मथुरा-वृदांवन मार्ग पर सौ शैय्या अस्पताल से आगे सभी प्रकार के वाहन प्रतिबन्धित रहेंगे। तो वहीं, पानी गांव से वृन्दावन मार्ग पर पानी गांव पुल से वृन्दावन के लिए सभी प्रकार के वाहन प्रतिबन्धित रहेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
यमुना एक्सप्रेस-वे से वृन्दावन आने वाहन निम्न पार्किंग स्थलों में पार्क होंगे-
1. पानी गांव पशु पैठ (बड़े वाहन बस, ट्रैक्टर इत्यादि)
2. पानी घाट तिराहा पार्किंग
3. मंडी पार्किंग
4. दारुक पार्किंग
5. टीएफसी मैदान पार्किंग
मथुरा की ओर से वृन्दावन को आने वाहन निम्नलिखित पार्किंग स्थलों पर पार्क होंगे
1. दारुक पार्किंग
2. टीएफसी मैदान पार्किंग
3. चौहान पार्किंग
4. मंडी पार्किंग
नेशनल हाईवे छटीकरा से वृन्दावन आने वाले वाहन निम्नलिखित पार्किंग स्थलों पर पार्क होंगे
1. माता वैष्णो देवी मंदिर के सामने पार्किंग प्रथम (बड़े वाहन)
2. माता वैष्णो देवी मंदिर के सामने पार्किंग द्वतीय (बड़े वाहन)
3. रॉयल भारती मोड़ पार्किंग (छोटे वाहन)
4. मल्टीलेबल पार्किंग (छोटे वाहन)
5. अन्नपूर्णा पार्किंग (छोटे वाहन)
6. प्रेम मंदिर के पीछे सुनरख तिराहा मोड़ पार्किंग
7. हरे कृष्णा ऑर्चिड के सामने पार्किंग
इन मार्गों पर किया गया है डायवर्जन
यमुना एक्सप्रेस-वे से वृंदावन होते हुए नेशनल हाईवे को जाने वाले सभी भारी वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे से राया कट से उतर कर लक्ष्मी नगर से गोकुल बैराज से टाउनशिप होते हुए संचालित होंगे। इसी प्रकार नेशनल हाईवे छटीकरा से वृंदावन होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे को जाने वाले भारी वाहन टाउनशिप से गोकुल बैराज से लक्ष्मी नगर होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर संचालित होंगे। तो वहीं, गोकुल रेस्टोरेंट से सभी प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे, ये वाहन टाउनशिप से गोकुल बैराज लक्ष्मी नगर होकर संचालित होंगे।












Click it and Unblock the Notifications