मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पिता-बेटी समेत चार की मौत
मथुरा। यूपी के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को भीषण हादसा हो गया। मांट क्षेत्र में माइल स्टोन-99 के पास बेकाबू वैगनआर कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ जाकर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। कार में सवार पिता-बेटी समेत चार की मौत हो गई, जबकि मां और बेटी घायल हो गए। कार सवार सभी होली मनाने के लिए दिल्ली से फर्रुखाबाद अपने घर आ रहे थे। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि नींद की झपकी के बाद कार बेकाबू होने से यह हादसा हुआ है।

होली पर घर जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, फर्रुखाबाद के झंसी में रहने वाले दुर्गेश तिवारी (30) पुत्र सर्वेश तिवारी पत्नी तनु उर्फ प्रियंका (27), तीन साल की बेटी अंशिका उर्फ अंशु, दो साल की बेटी अनन्या उर्फ परी के साथ दोस्त आशुतोष (27) पुत्र अशोक निवासी खलवारा, फर्रुखाबाद और दूसरे दोस्त अनूप (27) पुत्र सुरेश चंद निवासी हरदोई के साथ कार में सवार होकर दिल्ली से घर लौट रहे थे।
नींद की झपकी ने ली जान
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर मांट के गांव जनकपुर के पास कार बेकाबू होकर डिवाइडर को तोड़ती हुई दूसरी की तरफ जा पहुंची, तभी सामने से आ रही रोडवेज की बस से टकरा गई। हादसे में कार सवार दुर्गेश, बेटी अंशिका, अनूप और आशुतोष की मौत हो गई, जबकि दुर्गेश की पत्नी और छोटी बेटी घायल हो गईं। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि नींद की झपकी आने के बाद गाड़ी अनियंत्रित हुई, जिसके बाद यह हादसा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications