PUBG Love Story: ऑनलाइन गेम में हुआ प्यार, महोबा की महिला ने पति-बेटे को छोड़ा और चली गई प्रेमी संग
PUBG Love Story: यूपी के महोबा ऑनलाइन गेम की लत ने एक परिवार को ऐसा तोड़ा कि पति-पत्नी के रिश्ते का अंत हो गया। मोबाइल पर खेले जा रहे एक पॉपुलर गेम 'पबजी' के जरिए यूपी की एक महिला को पंजाब के युवक से प्यार हो गया। बाद में पति- पत्नी का यह मामला पुलिस के पास पहुंचा।
पूरा मामला महोबा के कोतवाली क्षेत्र स्थित भटीपुरा मोहल्ले का है। यहा के रहने वाले 30 वर्षीय शीलू रैकवार मिठाई की दुकान चलाते हैं। उनकी शादी 2022 में बांदा जिले के मटौंध की रहने वाली आराधना से हुई थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, बाद में आराधना को मोबाइल गेम पबजी की लत लग गई।

शीलू का कहना है कि वह दिनभर दुकान पर मेहनत करता। इधर उसकी पत्नी आराधना घर में गेम खेलती रहती। गेम के दौरान उसकी दोस्ती लुधियाना के शिवम नामक युवक से हो गई। दोनों की नजदीकियां इतनी बढ़ीं कि आराधना ने पति से दूरी बनानी शुरू कर दी और झगड़े होने लगे।
ऑनलाइन गेम बना रिश्तों में दीवार
पति का आरोप है कि धीरे-धीरे आराधना का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह जानबूझकर उलझने लगी और बच्चे की देखभाल में भी लापरवाही दिखाने लगी। यह भी आरोप लगाया कि पत्नी आराधना डेढ़ साल के बेटे पर भी चिल्लाती और मारपीट करती थी।
शीलू ने जब पत्नी को समझाने की कोशिश की तो उसकी पत्नी उसे धमकी देने लगी। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी आराधना ने उसे साफ कहा कि अगर वह उसके और प्रेमी के बीच आया तो उसे 55 टुकड़ों में काटकर ड्रम में भर देगी।
पति की शिकायत के बाद पहुंचा प्रेमी
पति का आरोप है कि एक दिन आराधना का प्रेमी शिवम महोबा स्थित उसके घर भी पहुंच गया। वहां आकर उसने हंगामा खड़ा कर दिया। उसके बाद इस मामले में शीलू ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने शिवम को शांतिभंग की धारा में चालान किया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद भी आराधना अपनी जिद पर अड़ी रही। पति का आरोप है कि आराधना ने साफ कह दिया कि वह उसे और बच्चे को छोड़कर प्रेमी के साथ ही जाएगी। यह सब सुनकर शीलू ने अपनी और बेटे की सुरक्षा को देखते हुए पत्नी को जाने देने का निर्णय लिया।
अब लोगों में चर्चा है कि जिस ऑनलाइन गेम के चक्कर में आराधना अपने प्रेमी के साथ चली गई है, जबकि शीलू अपने बेटे के साथ अकेला रह गया है। लोगों का कहना है कि पत्नी से नहीं तो कम से कम बच्चे की तो फिक्र करनी चाहिए थी। फिलहाल यह मामला सुर्खियों में बना है।












Click it and Unblock the Notifications