Mahoba Bike Accident: डंपर की टक्कर से बाइक में लगी आग, धूँ-धूँकर जिंदा जला 19 वर्षीय युवक, मौत
उत्तर प्रदेश के महोबा में एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है, जिसमें तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद युवक डंपर में फंस कर कुछ दूरी तक घिसटता चला गया और इसी दौरान बाइक आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में बाइक सहित 19 वर्षीय युवक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम देरी से पहुंची जब तक दोनों जलकर खाक हो चुके थे।
ओवरटेक करने के प्रयास में भीषण टक्कर
बता दें कि यह हृदय विदारक घटना महोबा कोतवाली क्षेत्र के बिलबई रोड स्थित एमआरएफ सेन्टर के पास की है। बताया जाता है कि किडारी गांव का रहने वाला घंसु अपने पूरे परिवार के साथ एसपी आवास के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी में निवास करता है। उसका 19 वर्षीय पुत्र विजय अपनी बाइक से बिलबई गांव में रहने वाले अपने मामा के घर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार डंपर से बाइक की भीषण टक्कर हो गई।

बाइक में लगी आग, बाइक सवार की जलकर मौत
टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गई और अचानक उठी चिंगारी से बाइक ने आग पकड़ ली। हादसा होते देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते बाइक और बाइक सवार दोनों ही आग की चपेट में आ गए। पास में मौजूद लोगों द्वारा मिट्टी फेंककर आग बुझाने की नाकाम कोशिश भी की गई, लेकिन तब तक बाइक सहित बाइक सवार जलकर खाक हो गए थे।

डंपर चालक फरार, तलाश जारी
वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का जायजा लेकर परिवार को हर मदद का आश्वासन दिया और एंबुलेंस से मृतक के शव को अस्पताल लाया गया। जहां उसका शव मोर्चरी हाउस में रखवा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता बताती हैं कि घटना को अंजाम देकर चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही है। ऐसे में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications