Who Is Pranjal Khewalkar: पुणे की रेव पार्टी से पकड़े गए एकनाथ खड़से के दामाद, विवादों से है पुराना नाता
Who is Pranjal Khewalkar: पुणे के एक पॉश इलाके में चल रही रेव पार्टी में कोकीन और गांजे का इस्तेमाल हो रहा था। देर रात जब इस पार्टी में पुलिस ने रेड मारी तो वहां से डॉक्टर प्रांजल खेवळकर भी पकड़े गए। खेवळकर की गिरफ्तारी ने सबका ध्यान खींचा है। इस कार्रवाई ने राज्य की सियासत में एक बार फिर उबाल ला दिया है, और पुराने विवादों की परतें भी खुलने लगी हैं।
क्राइम ब्रांच ने रविवार तड़के एक टिप मिलने के बाद पुणे के पॉश इलाके में बने एक स्टूडियो अपार्टमेंट पर छापा मारा। इस दौरान वहां से नशे का सामान, शराब और हुक्का से जुड़ी चीजें बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, कुल सात लोग पार्टी में मौजूद थे, जिनमें प्रांजल खेवळकर भी शामिल थे। सभी के पास से नशे का सामान मिलने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

कौन हैं प्रांजल खेवळकर?
प्रांजल खेवळकर की शादी रोहिणी खड़से से हुई है, जो NCP महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष हैं और एकनाथ खड़से की बेटी हैं। रोहिणी ने पहले पति से तलाक के बाद प्रांजल से शादी की थी। यह जोड़ा फिलहाल मुक्ताईनगर में अपने परिवार के साथ रहता है।
ये भी पढ़ें: Mumbai-Pune Expressway पर बेकाबू ट्रेलर ने 20 गाड़ियां रौंदी, भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, अलर्ट पर मुंबई
कारोबार की दुनिया में प्रांजल की पकड़
प्रांजल खेवळकर राजनीति से दूर रहना पसंद करते हैं, लेकिन वे व्यापार की दुनिया में सक्रिय हैं। उनके बिजनेस रियल एस्टेट, इवेंट मैनेजमेंट, ट्रैवल कंपनी और शुगर-एनर्जी सेक्टर से जुड़े हैं।
पुराना विवाद: लिमोज़िन कार का मामला
प्रांजल खेवळकर पहले भी विवादों में रह चुके हैं। एक मामले में सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने आरोप लगाया था कि उन्होंने एक लग्जरी सोनाटा लिमोज़िन कार को जलगांव आरटीओ में हल्के वाहन की श्रेणी में रजिस्टर कराया, जो नियमों के खिलाफ था। दमानिया का दावा था कि भारत में केवल एंबेसडर लिमोज़िन ही मान्य है और इस कार को जब्त किया जाना चाहिए।
रेड के बाद रोहिणी खड़से के बंगले की तलाशी
रेव पार्टी में पकड़े जाने के बाद पुणे पुलिस ने रोहिणी खड़से के हडपसर स्थित बंगले पर भी छापा मारा। सीनियर अधिकारियों की टीम ने बंगले की गहन जांच की। पार्टी में पकड़े जाने के बाद प्रांजल को ससून अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया और फिर उन्हें उनके निवास स्थान पर लाया गया।
एकनाथ खडसे ने राजनीतिक साजिश का लगाया आरोप
प्रांजल खेवळकर, जो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की महिला विंग की राज्य अध्यक्ष रोहिणी खडसे के पति हैं, इस मामले में पकड़े गए लोगों में से एक हैं। जब रोहिणी खडसे से इस मामले पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
वहीं, रोहिणी के पिता और वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि क्या इस छापेमारी के पीछे कोई राजनीतिक मकसद था।
मेडिकल जांच के लिए ससून जनरल अस्पताल ले जाया गया
पुलिस अधिकारी अमोल पिंगले ने बताया कि छापेमारी के बाद सभी सात लोगों को मेडिकल जांच के लिए ससून जनरल अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद इनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है और दोपहर तक सभी को कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
इस बीच, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नेता सुषमा अंधारे ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह छापा उन लोगों के लिए एक संदेश है जो सरकार के खिलाफ बोलते हैं।
यह मामला एकनाथ खड़से के परिवार से जुड़ा होने के कारण महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर गर्मी ला सकता है। जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में अब फोन टैप का बवाल, मंत्रियों की जासूसी के आरोप से मची सनसनी












Click it and Unblock the Notifications