छगन भुजबल, दिलीप पाटिल जैसे दिग्गज अजीत पवार के साथ, शरद पवार के साथ अब कौन कौन बचा?
एनसीपी चीफ शरद पवार विपक्ष को एकजुट करने में जुटे थे, लेकिन उनके भतीजे अजित ने पार्टी में ही सेंध लगा दी। 40 से ज्यादा विधायकों के साथ रविवार को वो राजभवन पहुंचे और महाराष्ट्र की एनडीए सरकार को समर्थन दे दिया। इसके साथ वो डिप्टी सीएम भी बन गए। खास बात तो ये है कि उनके साथ कई दिग्गज और पार्टी के वफादार नेता भी हैं।
वैसे तो अजित पवार का गुट दावा कर रहा कि उनके पास 46 विधायकों का समर्थन है, लेकिन अभी कुल 9 एनसीपी विधायकों ने शपथ ली है। जिसमें अजित पवार, धर्मराव अत्राम, सुनील वलसाड, अदिति तटकरे, हसन मुश्रीफ, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, अनिल पाटिल और दिलीप वलसे पाटिल का नाम शामिल है।

वहीं बात करें तो शरद पवार के खेमे की, तो उनके साथ अभी दो दिग्गज नेता सुप्रिया सुले हैं। उनको हाल ही में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। इसके अलावा उनके पास जयंत पाटिल और जितेंद्र अव्हाण भी हैं, हालांकि कुछ दिन पहले बीजेपी ने दावा किया था कि पाटिल पार्टी से नाराज हैं और पवार का साथ छोड़ सकते हैं।
इसके अलावा अनिल देशमुख और नवाब मलिक भी पवार के साथ हैं, लेकिन केंद्रीय एजेंसियों की जांच और जेल जाने की वजह से दोनों राजनीति से थोड़ा दूर नजर आ रहे।
प्रफुल्ल पटेल ने भी दिया धोखा?
शरद पवार ने हाल ही में प्रफुल्ल पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था, लेकिन अब वो उनका साथ छोड़ते नजर आ रहे। पहले तो वो अजित पवार के घर हुई बैठक में पहुंचे, फिर वो राजभवन में हो रहे शपथग्रहण में नजर आए। जिससे साफ हो गया कि वो अजित के साथ ही हैं। हालांकि अभी उन्होंने खुलकर कुछ भी नहीं कहा है।
कुल कितने विधायक अजित के साथ?
न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अजित पवार के साथ कुल 40 विधायक और 6 एमएलसी हैं। ऐसे में उनको कुल 46 का समर्थन प्राप्त है।












Click it and Unblock the Notifications