Vice Presidential Election 2025: क्या MVA में पड़ जाएगी फूट, उद्धव ठाकरे और शरद पवार किसका देंगे साथ?
Vice Presidential Election 2025: जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति के अचानक इस्तीफे के बाद चुनाव आयोग ने नए उपराष्ट्रपति के लिए चुनाव करवाने का फैसला लिया है। उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन को भाजपा ने एनडीए की ओर से उम्मीदवार बनाया है और विपक्षी इंडिया गठबंधन की ओर से बी सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया गया है।
सीपी राधाकृष्णन महाराष्ट्र के वर्तमान राज्यपाल हैं और बी सुदर्शन रेड्डी सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रह चुके हैं। एनडीए और विपक्षी इंडिया गठबंधन दोनों ही अपने उम्मीदवार को चुनाव जिताने के लिए एड़ी-चोटी का दम लगा रहे हैं।

महाराष्ट्र सीएम फडणवीस ने उद्धव और शरद पवार को किया फोन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार से बात की। उन्होंने फोन पर उनसे एनडीए उम्मीदवार के लिए समर्थन का आग्रह किया। सीएम फडणवीस ने राधाकृष्णन को समर्थन देने का अनुरोध किया क्योंकि वे महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मतदाता हैं। इससे पहले भी उन्होंने दोनों नेताओं से राज्य के राज्यपाल का समर्थन करने की अपील की थी।
क्या MVA में पड़ जाएगी फूट?
बता दें शरद पवार और उद्धव ठाकरे की पार्टियां महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी और राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। सीएम फडणवीस विपक्षी गठबंधन में शामिल उद्धव ठाकरे और शरद पवार को राधाकृष्णन को वोट देने की गुजारिश इस आधार पर कर रहे हैं कि क्यों राधाकृष्णन मुंबई वोटर हैं। अगर वो उपराष्ट्रपति बनते हैं तो महाराष्ट्र से एक और राज्यपाल सीधे उपराष्ट्रपति बन जाएंगे, जो महाराष्ट्र के लिए गौरव की बात होगी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या शरद पवार और उद्धव ठाकरे किसका देंगे साथ?
बी. सुदर्शन रेड्डी के नामांकन के समय मौजूद थे शरद पवार
विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार घोषित किया। इस दौरान महाराष्ट्र के विपक्षी महाविकास अघाडी गठबंधन में शामिल एनसीपी एसीपी प्रमुख शरद पवार और उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत मौजूद थे।
शरद पवार किसका देंगे साथ?
नामांकन के बाद शरद पवार ने कहा, "यह चुनाव सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि हमारे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा व उन्हें मज़बूत करने का चुनाव है।" उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायमूर्ति रेड्डी इन मूल्यों को बनाए रखेंगे। शरद पवार ने आगे कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि न्यायमूर्ति रेड्डी, जो हमेशा न्याय, समानता और मानवाधिकारों के लिए दृढ़ता से खड़े रहे हैं, भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में इन मूल्यों को अक्षुण्ण रखेंगे और उन्हें सुदृढ़ करेंगे।" इस बयान से साफ है कि शरद पवार चुनाव में किसका साथ देंगे।
उद्धव ठाकरे किसका देंगे साथ?
उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने सुदर्शन रेड्डी के उपराष्ट्रपति पद नामांकन के समय विपक्षी एकता पर जोर दिया। राउत ने कहा, "आज, उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए बी. सुदर्शन रेड्डी को नामांकित करने के लिए विपक्षी दल एकजुट हुए। संसद भवन स्थित चुनाव कार्यालय में एकता का प्रदर्शन देखने को मिला!" इस बयान से साफ है कि उद्धव ठाकरे किस उम्मीदवार का साथ देंगे!
कब है उपराष्ट्रपति चुनाव?
उपराष्ट्रपति पद के लिए 9 सितंबर को सीपी राधाकृष्णन और बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच मुकाबला होगा। संख्याबल के लिहाज से एनडीए मजबूत स्थिति में है। जीत के लिए 392 वोटों की आवश्यकता है, जबकि एनडीए के पास 422 वोट हैं।












Click it and Unblock the Notifications