शिंदे को झटका देने की तैयारी में उद्धव! डिप्टी स्पीकर को भेजी बागी MLAs के खिलाफ अयोग्यता याचिका: सूत्र
नई दिल्ली, 23 जून: महाराष्ट्र में महाअघाड़ी सरकार पर संकट लगातार गहराता जा रहा है। शिवसेना के ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुटों के बीच शह-मात के खेल चल रहा है। अब ठाकरे गुट की ओर से नई चाल चली गई है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना महाराष्ट्र विधानसभा उपाध्यक्ष ने बागी विधायकों में से 12 से 15 को अयोग्य ठहराने की अपील की है। शिवसेना ने इससे पहले शिंदे को विधायक नेता पद से हटाने की अपील की थी जो मान ली गई थी।

महाराष्ट्र विकास अघाड़ी सरकार की कानूनी टीम के सूत्रों की ओर दी गई जानकारी के मुताबिक, सभी बागी विधायकों की जगह 15 के करीब विधायकों के खिलाफ अयोग्य ठहराने की अपील की जा सकती है। ऐसा बताया जा रहा है कि अगर ठाकरे गुट अयोग्यता की याचिका 15 के करीब विधायकों के खिलाफ आवेदन डिप्टी स्पीकर को देता है तो उस पर पहले फैसला होगा। ऐसे में अगर एकनाथ शिंदे का गुट डिप्टी स्पीकर के समक्ष कोई भी अन्य आवेदन दाखिल करता है, तो इस पर बाद में विचार होगा।
एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, सभी बागी विधायकों के विरोध में अयोग्यता का आवेदन इसलिए नहीं दिया जा रहा है कि अगर 30 या उससे ज्यादा विधायक डिसक्वालीफाई हो जाते हैं तो इससे विधानसभा में गठबंधन की ताकत कम होगी। ऐसे में बीजेपी अपनी ताकत से ही सरकार बनाने की स्थिति में भी पहुंच सकती है। शिवसेना ने अपनी अपील में कहा है कि व्हिप के मुताबिक, सीएम उद्धव ठाकरे की बैठक में ये विधायक नहीं पहुंचे थे।इस कदम से शिंदे गुट को बड़ा झटका देने की तैयारी है।
गुरुवार को एनसीपी के नेता शरद पवार ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि जो भी बागी विधायक हैं उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। पवार ने आगे कहा कि महा विकास अघाड़ी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को समर्थन देने का फैसला किया है। मेरा मानना है कि एक बार शिवसेना विधायक मुंबई लौट आएंगे तो स्थिति बदल जाएगी। शरद पवार ने आगे कहा कि बहुमत का पता फ्लोर टेस्ट में चलेगा। उद्धव सरकार की तारीफ करते हुएद एनसीपी प्रमुख ने कहा कि यह सरकार अच्छा काम कर रही है। गठबंधन पर कोई सवाल नहीं उठा सकता।












Click it and Unblock the Notifications