उद्धव और पवार ने जरूरत के वक्त मुसलमानों को छोड़ दिया, ओवैसी का दावा
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र में अपने राजनीतिक विस्तार पर जोर देना शुरू कर दिया है। उन्होंने उद्धव ठाकरे, शरद पवार और कांग्रेस सब पर मुसलमानों का साथ नहीं देने का आरोप लगाया है।

महाराष्ट्र में औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम बदले जाने के बाद एआईएमआईएम चीफ और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के सियासी तेवर बहुत ही तल्ख लग रहे हैं। महाराष्ट्र की राजनीति में अपना आधार बढ़ाने की कोशिशों में जुटे ओवैसी ने अब वक्त पर मुसलमानों का साथ नहीं देने का आरोप लगाकर शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) के सुप्रीमो उद्धव ठाकरे, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार और कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया है। उन्होंने मुस्लिम युवाओं से कहा है कि वह अपनी ताकत को समझें और सत्ता में अपना दबदबा कायम करने के लिए जुट जाएं।

ओवैसी के निशाने पर उद्धव और पवार
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी महाराष्ट्र की मुस्लिम राजनीति को लेकर पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के साथ-साथ उनके सहयोगी कांग्रेस पर भी जोरदार हमला बोला है। उन्होंने ठाकरे और पवार को निशाने पर लेते हुए दावा किया है कि जब भी उनके समुदाय को जरूरत पड़ी इन दोनों नेताओं ने उनका साथ नहीं दिया। उन्होंने शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब भी 'हमारे समुदाय के लोगों को प्रताड़ित होना पड़ा' तो वे चुप क्यों रहे।

'संकट के समय मुसलमानों को भूल जाते हैं'
उन्होंने ठाकरे की पार्टी की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार पर भी तीखे हमले किए हैं। महाराष्ट्र के ठाणे में वे बोले कि एनसीपी अध्यक्ष पवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराना चाहते हैं और वे इसके लिए एआईएमआईएम का सपोर्ट मांगते हैं। उन्होंने पूछा,'लेकिन, संकट के समय में मुसलमानों को समर्थन देते समय वह भूल जाते हैं, उन्होंने कभी भी सामने आने की जहमत नहीं उठाई और हमें हमारे हाल पर छोड़ दिया। यह किस तरीकी की धर्मनिरपेक्षता है?'

ओवैसी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा
सिर्फ उद्धव और शरद पवार ही नहीं, ओवैसी ने कांग्रेस को भी जमकर निशाना बनाया है। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि इसके नेताओं के पास भारत जोड़ो यात्रा का समय था, लेकिन मॉब लिंचिंग और बाकी घटनाों में मारे गए लोगों के परिवारों के पास दिलासा देने नहीं पहुंचे। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि एआईएमआईएम को मजबूत बनाएं और मुसलमानों और दलितों के अधिकारों के लिए लड़ें।

महाराष्ट्र के मुस्लिम युवाओं को साधने में जुटे ओवैसी
मुंबई के पास ठाणे जिले के मुंब्रा में अपनी पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए हैदराबाद के सांसद ने शनिवार को मुस्लिम युवाओं से कहा, 'अगर अजीत पवार, सुप्रिया सुले, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस नेता बन सकते हैं, तो आप क्यों नहीं बन सकते?' वो बोले की एआईएमआईएम 65 साल पहले बनी थी, लेकिन बहुत कम लोग ही इसकी सभाओं में आते थे। लेकिन, अब हजारों में पहुंच रहे हैं। पार्टी चीफ ने कहा, 'हमारी संसद, राज्य विधानसभाओं और स्थानीय निकायों में भी मौजूदगी है और यह प्रगति निरंतर जारी रहनी चाहिए और युवाओं को चुनाव के जरिए से प्रशासन में भी शामिल होने की कोशिश करनी चाहिए।'
Recommended Video

'आप पैसे की ताकत से सबकुछ नहीं खरीद सकते हैं'
इसके साथ ही ओवैसी ने आने वाले चुनावों में उन लोगों के खिलाफ अपनी पार्टी की ओर से 'शेर' उम्मीदवारों को उतारने का ऐलान किया है, जो अपने गढ़ में पकड़ होने के दावे करते हैं। हैदराबाद के सांसद ने बिना किसी का नाम लिए कहा, 'आप पैसे की ताकत से सबकुछ नहीं खरीद सकते हैं, हमारे साथ अभी भी ऐसे लोग हैं, जो हमारे लिए वफादार हैं और उनके साथ मिलकर हम आपको हराएंगे।' ओवैसी ने दावा किया कि उन्हें पैसे की ताकत से कोई नहीं खरीद सकता है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications