Maharashtra Bus Accident: महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत, 20 घायल
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां दो बसों की टक्कर हो गई। इस घटना में अभी तक 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। जिसमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं।
ये हादसा मलकापुर शहर में फ्लाईओवर पर देर रात करीब 2.30 बजे हुआ। हादसे का शिकार हुई बसों में से एक अमरनाथ यात्रा के बाद हिंगोली जा रही थी, जबकि दूसरी निजी बस नासिक की ओर जा रही थी। घटना के बाद वहां पर चीख पुकार मच गई।

मामले में एक चश्मदीद ने बताया कि नासिक की ओर जा रही बस ने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी दूसरी बस से सामने से उसकी टक्कर हो गई। घटना में 6 लोगों की मौत हुई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पर कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम पहुंच गई थी। तुरंत सभी घायलों को रेस्क्यू किया गया, जिसमें से 4-5 की हालत खराब बताई जा रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जो भी घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
महीने की शुरुआत में हुआ था बड़ा हादसा
आपको बता दें कि जुलाई की शुरुआत में ही बुलढाणा में एक बड़ा हादसा हुआ था, जहां समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लग गई। उस घटना में 26 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। वो बस यवतमाल से पुणे जा रही थी। वहीं रात का वक्त होने की वजह से लोग नींद में थे, ऐसे में उनको निकलने का मौका ही नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications