निकाय चुनाव से पहले जल्द साथ नजर आएंगे राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे, मनसे प्रमुख ने क्यों किया आमंत्रित?
Uddhav and Raj Thackeray Meeting: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर दोनों ठाकरे बंधुओं, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के एक साथ आने की चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को अपने निवास पर गणेशोत्सव के लिए आमंत्रित किया है। इस निमंत्रण को दोनों नेताओं के बीच बढ़ती नजदीकियां के तौर पर देखा जा रहा है।
राज ठाकरे के घर पर हर साल डेढ़ दिन के लिए गणपति बप्पा का विसर्जन होता है, और इसी अवसर पर उन्होंने उद्धव ठाकरे को आमंत्रित किया है।

यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ समय पहले ही राज ठाकरे कई वर्षों बाद उद्धव ठाकरे से मिलने मातोश्री पहुंचे थे। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने उद्धव ठाकरे और उनके परिवार से बातचीत की थी और बालासाहेब ठाकरे के कमरे में भी गए थे। तभी से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि उद्धव ठाकरे कब राज ठाकरे के शिवाजी पार्क स्थित घर जाएंगे।
राज ठाकरे ने अपना निवास स्थान दादर के शिवाजी पार्क स्थित कृष्णकुंज से बदलकर शिवतीर्थ कर लिया है, जो उसी इलाके में बना उनका नया घर है। कला प्रेमी होने के कारण राज ठाकरे ने इस घर को बेहद सुंदर तरीके से सजाया है। हालांकि कई बड़े नेता उनसे इस नए घर पर मिलने आए थे, लेकिन दोनों भाइयों के बीच राजनीतिक दूरियों के कारण उद्धव ठाकरे कभी वहां नहीं गए थे। अब गणेशोत्सव के मौके पर उद्धव ठाकरे पहली बार शिवतीर्थ में कदम रखेंगे।
इस निमंत्रण को लेकर मनसे नेता अमित ठाकरे से पूछे जाने पर उन्होंने कहा था, "आपको सरप्राइज मिलेगा।" यह बात दोनों के बीच किसी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की ओर इशारा करती है। करीब दो दशक बाद राज ठाकरे मातोश्री पहुंचे थे, जब हिंदी थोपने के विरोध में आवाज उठाने के बाद दोनों भाई एक ही मंच पर दिखाई दिए थे। इसके बाद राज ठाकरे उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर मातोश्री पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं, जहां शिवसैनिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
साल 2006 में मनसे की स्थापना के बाद से राज ठाकरे कभी भी उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर मातोश्री नहीं गए थे। इस साल राज ठाकरे के मातोश्री पहुंचने के बाद से ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि अब उद्धव ठाकरे कब राज ठाकरे के घर जाएंगे। अब यह निमंत्रण दोनों भाइयों के बीच एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत देता है।












Click it and Unblock the Notifications