Drugs Case: अरमान कोहली की जमानत याचिका फिर खारिज, 7 महीने से जेल में बंद हैं एक्टर
मुंबई, 22 फरवरी: ड्रग्स केस में गिरफ्तार किए गए अभिनेता अरमान कोहली की जमानत याचिका मुंबई की विशेष एनडीपीएस कोर्ट ने एक बार फिर से खारिज कर दी है। बता दें कि पिछले साल एनसीबी ने अरमान कोहली के घर पर छापा मारा था जहां से उन्होंने कुछ मात्रा में ड्रग्स बरामद की थी। इसके बाद से उन्हें ड्रग्स रखने के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक अरमान के घर से कोकीन बरामद हुई थी।

मुंबई की एक विशेष एनडीपीएस अदालत ने कथित तौर पर मादक पदार्थ रखने और उसका सेवन करने को लेकर एनसीबी द्वारा गिरफ्तार किये गये अभिनेता अरमान कोहली को अंतरिम जमानत देने से मंगलवार को इनकार कर दिया। अभिनेता की नियमित जमानत याचिका को विशेष अदालत और बंबई उच्च न्यायालय पहले ही खारिज कर चुकी है। कोहली ने अपने बीमार माता-पिता से मिलने जाने के लिए एनडीपीएस अधिनियम के तहत गठित विशेष अदालत से 14 दिनों की अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया था।
बचाव पक्ष और अभियोजन की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश ए.ए. जोगलेकर ने अभिनेता की जमानत याचिका खारिज कर दी। अरमान कोहली को पिछले साल अगस्त में गिरफ्तार किया गया था। अरमान 7 महीने से जेल में बंद हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि जो कोकेन उनके घर से बरामद हुई है वो दक्षिण अमेरिका में तैयार हुई थी। अब जांच एजेंसी इस बात का पता लगाने के लिए जुटी है कि कैसे ये कोकेन मुंबई तक पहुंची।
गौरतलब है कि इससे पहले साल 2018 में अरमान को आबकारी विभाग ने 41 बोतल स्कॉच व्हिस्की रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मालूम हो कि कानून घर में शराब की 12 बोतल रखने की इजाजत देता है, लेकिन अरमान के पास 41 से ज्यादा बोतलें थीं और उनमें से ज्यादातर विदेशी ब्रांड की थीं। एनसीबी ने एक टीवी कलाकार गौरव दीक्षित को भी ड्रग्स रैकेट के मामले में गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications