'राम मंदिर उद्घाटन के बाद गोधरा जैसी घटना फिर हो सकती है', उद्धव ठाकरे का दावा
Uddhav Thackeray News: बीजेपी से अपना दशकों पुराना रिश्ता तोड़ने के बाद शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे भाजपा और आरएसएस पर लगातार हमलावर होते नजर आते हैं। अब उन्होंने राम मंदिर के उद्घाटन समारोह को लेकर बड़ा दावा किया है। उद्धव ठाकरे ने आशंका जताते हुए कहा कि अयोध्या में गोधरा जैसी घटना हो सकती है।
रविवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमत्री उद्धव ठाकरे ने जलगांव में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दावा किया कि मंदिर उद्घाटन के बाद वापसी यात्रा के दौरान गोधरा जैसी घटना को दोहराया जा सकता है।

दरअसल, 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस में सवार होकर अयोध्या से लौट रहे "कार सेवकों" पर गुजरात के गोधरा स्टेशन पर हमला किया गया था और उनके कोच में आग लगा दी गई थी, जिसमें 59 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे।
वहीं अब ऐसे ही अंदेशा जताते हुए ठाकरे ने कहा, "ऐसी आंशका है कि सरकार राम मंदिर उद्घाटन के लिए बसों और ट्रकों में बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित कर सकती है और उनकी वापसी यात्रा पर गोधरा जैसी घटना हो सकती है।"
आपको बता दें कि राम मंदिर का उद्घाटन लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले जनवरी 2024 में होने की संभावना है।
BJP-RSS के पास कोई आदर्श व्यक्ति नहीं: ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की इस बात के लिए भी आलोचना की कि उनके पास कोई बड़ी उपलब्धियां नहीं हैं और ना कोई ऐसा व्यक्ति हैं। जिन्हें लोग आदर्श मान सकें। इसके बजाय सरदार पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे दिग्गजों का वे इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि वे (भाजपा-आरएसएस) अब मेरे पिता बाल ठाकरे की विरासत पर दावा करने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि बीजेपी अक्सर उद्धव ठाकरे पर 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस और एनसीपी के साथ हाथ मिलाकर मुख्यमंत्री बनने के लिए बाल ठाकरे के आदर्शों को त्यागने का आरोप लगाती रही है। पिछले साल जून में शिवसेना के विभाजन के बाद हमले और तेज हो गए हैं और दोनों गुट खुद को पार्टी संस्थापक (बाल ठाकरे) की विरासत का असली उत्तराधिकारी बताने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications