एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने के लिए तैयार शरद पवार? संजय राउत बोले- उद्धव इस्तीफा नहीं देंगे
मुंबई, जून 22। महाराष्ट्र में आए राजनीतिक संकट के बीच अपनी सरकार बचाने में लगे उद्धव ठाकरे को एनसीपी प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस नेता सुप्रिया सुले का भी साथ मिल गया है। शरद पवार ने सीएम आवास जाकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात भी की थी। इस मीटिंग में सुप्रिया सुले भी मौजूद थी। इस बैठक को लेकर अब खबरें सामने आ रही हैं कि शरद पवार ने एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने के विकल्प पर चर्चा करने की सलाह उद्धव ठाकरे को दी है।

शिंदे को सीएम बना सकता है महाविकास अघाडी गठबंधन?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद पवार और उद्धव ठाकरे के बीच हुई इस बैठक में सरकार बचाने के सभी विकल्पों पर चर्चा हुई है। इसमें शिंदे को सीएम बनाने का विकल्प भी शामिल है। सूत्रों ने कहा है कि इस बैठक में चर्चा हुई है कि क्या शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है? सीएम बनाने के अलावा कैबिनेट में फेरबदल के भी विकल्प पर चर्चा हुई है। आपको बता दें कि यह मीटिंग करीब एक घंटे तक चली थी। मीटिंग खत्म होने के बाद जब सुप्रिया सुले बाहर आईं तो उन्होंने मीडिया की ओर अगूंठा दिखाया।
इस्तीफा नहीं देंगे उद्धव ठाकरे- संजय राउत
इन सबके बीच शिवसेना के नेता संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उद्धव ठाकरे इस्तीफा नहीं देने वाले हैं। संजय राउत ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो हम विधानसभा में बहुमत पेश करने के लिए जाएंगे, लेकिन उद्धव ठाकरे इस्तीफा नहीं देंगे। संजय राउत के इस बयान के बीच उद्धव ठाकरे अपने सरकारी आवास से निकलकर अपने पारिवारिक घर मातोश्री जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications