उद्धव के 'चप्पल' वाले बयान का संजय राउत ने किया बचाव, कहा-योगी ने हमारी संस्कृति से किया था खिलवाड़
मुंबई, अगस्त 26; केंद्रीय मंत्री नारायण राणे विवाद के बीच योगी आदित्यनाथ पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा की गई टिप्पणी पर भाजपा ने पलटवार किया है। सांसद संजय राउत ने कहा कि सीएम ने छत्रपति शिवाजी महाराज के अपमान के खिलाफ टिप्पणी की थी। शिवसेना और बीजेपी की तरफ से ज़ुबानी जंग लगातार जारी है। इतना ही नहीं बीजेपी के एक नेता ने पुलिस से महाराष्ट्र के सीएम के उस बयान के खिलाफ शिकायत की है।
Recommended Video

महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे की यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी को लेकर सेना सांसद संजय राउत ने कहा कि, यह बयान छत्रपति शिवाजी महाराज के अपमान पर दिया गया था। महाराष्ट्र में शिवाजी महाराज को कोई चप्पल पहनकर माला नहीं पहनाता। यह हमारी संस्कृति और परंपरा है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमारी संस्कृति और परंपरा के साथ खिलवाड़ किया था।
शिवसेना सांसद ने आगे कहा कि, 'महाराष्ट्र को पश्चिम बंगाल नहीं बनने देंगे' कथन (नारायण राणे द्वारा) का क्या अर्थ है? आप (भाजपा) पश्चिम बंगाल में हार गए। यदि आप एक ही भाषा का प्रयोग करते रहे तो महाराष्ट्र में आपकी उपस्थिति भी नगण्य हो जाएगी। पश्चिम बंगाल देश का बाघ है। बता दें कि 25 अक्टूबर 2020 को दशहरा भाषण के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
संजय राउत ने कहा, नारायण राणे एक केंद्रीय मंत्री हैं। उन्हें मौजूदा मुख्यमंत्री के खिलाफ असंसदीय भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। अगर कोई अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है और कहता है कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को थप्पड़ मारूंगा , तो वे उस व्यक्ति पर देशद्रोह के आरोप लगाएंगे। यही बात राणे पर भी लागू होती है, जिन्होंने एक मुख्यमंत्री के खिलाफ इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल किया। प्रोटोकॉल और मर्यादा की बात करें तो मुख्यमंत्री भी प्रधानमंत्री के बराबर होता है।
बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के आरोप में मंगलवार को राणे को गिरफ्तार किया गया था। बाद में रायगढ़ जिले में महाड की एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी। राणे ने रायगढ़ जिले में सोमवार को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कहा था, ये शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को ये नहीं पता कि हमारी आजादी को कितने साल हो गए हैं। भाषण के दौरान वो पीछे मुड़कर इस बारे में पूछते नजर आए थे। अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता।












Click it and Unblock the Notifications