लॉरेंस बिश्नोई की धमकी के बाद पुलिस कमिश्नर से मिले सलमान, हथियार लाइसेंस के लिए किया आवेदन
नई दिल्ली, 22 जुलाई: लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने 29 मई को पंजाब में फेमस सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी थी। इसके बाद लॉरेंस ने सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दी। इस वजह से उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब खबर आ रही कि सलमान खान निजी सुरक्षा के लिए हथियार चाहते हैं, ऐसे में उन्होंने मुंबई पुलिस के पास आवेदन भी किया। साथ ही शुक्रवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर के ऑफिस पहुंचकर उनसे मुलाकात की।

सूत्रों के मुताबिक बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपनी सुरक्षा और हथियार लाइसेंस के लिए मुंबई पुलिस के पास आवेदन दिया है। पिछले महीने उनको धमकी मिली थी, जिसमें उनके साथ उनके पिता सलीम खान का भी जिक्र था। इस वजह से सलमान अब निजी हथियार रखना चाहते हैं। हालांकि अभी तक इस बारे में एक्टर की टीम या फिर मुंबई पुलिस ने कुछ भी नहीं कहा है।
अवैध हथियार का केस पहले से
आपको बता दें कि 1998 में राजस्थान में शूटिंग के दौरान सलमान खान और उनके साथियों ने काले हिरण का शिकार किया था। आरोप है कि सलमान के हथियार का लाइसेंस 22 सितंबर 1998 को खत्म हो गया था, इसके बावजूद उन्होंने 2 अक्टूबर 1998 तक हथियार को अपने पास रखा। फिर उसी का इस्तेमाल शिकार में किया।
धमकी वाले खत में थी ये बात
वहीं सलमान को जो धमकी भरा खत मिला था, उसमें लिखा था कि जल्द ही सलमान खान का हाल पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की तरह होगा यानी उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद तुरंत मुंबई पुलिस एक्टिव हुई और बांद्रा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। फिर एक्टर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। हैरानी की बात ये है कि ये लेटर सलीम खान के गार्ड को उस जगह मिला था, जहां सलीम अपनी मॉर्निंग वॉक के बाद जाकर बैठते हैं।












Click it and Unblock the Notifications