महाराष्ट्र ने बनाया एक दिन में सबसे ज्यादा वैक्सीन देने का रिकॉर्ड, 15 लाख से ज्यादा को लगा टीका
मुंबई, 9 सितंबर: महाराष्ट्र ने एक दिन में सबसे ज्यादा कोविड वैक्सीन देने का रिकॉर्ड बनाया है। बुधवार को राज्य में 15 लाख से ज्यादा को लगा टीका लगाया गया है, जो कि किसी भी राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा वैक्सीन का रिकॉर्ड है। एडिशनल चीफ सेक्रेटरी डॉ प्रदीप व्यास ने गुरुवार को ये जानकारी दी है।

महाराष्ट्र वैक्सीनेशन में देश में नंबर-1
कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज देने के मामले में महाराष्ट्र देश में पहले नंबर पर है। अब से पहले भी एक दिन में सबसे ज्यादा वैक्सीन देने के मामले में रिकॉर्ड महाराष्ट्र के नाम ही था। बीते हफ्ते शनिवार (4 सितंबर) को महाराष्ट्र में करीब सवा 12 लाख लोगों की वैक्सीन दी गई थी जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा था। 8 सितंबर को 15 लाख से ज्यादा लोगों को टीका देकर इस रिकॉर्ड को राज्य ने तोड़ दिया है।

महाराष्ट्र में साढ़े 6 करोड़ को लग चुका टीका
महाराष्ट्र में अब तक देश में सबसे ज्यादा, टीके की 6.55 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। वहीं देश में 71 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना के टीके लगाए जा चुके हैं। ये संख्या उन लोगों की है, जिनको पहली खुराक दी जा चुकी है। देश में अब तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के 58 फीसदी लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है, इनमें 18 प्रतिशत लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवा ली है।

महाराष्ट्र और देश में कोरोना की स्थिति
महाराष्ट्र में देश में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले आए हैं और सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। महाराष्ट्र में अब तक करीब 65 लाख कोरोना के मामले आ चुके हैं, जो कि देश में सबसे ज्यादा हैं। हालांकि राज्य में अब करीब 48 हजार एक्टिव मरीज हैं और राज्य में कोरोना वायरस से ठीक होने की दर 97.09 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 1 लाख 37 हजार मौतें हुई हैं।
देश में बीते कुछ समय से 30 से 40 हजार के बीच नए मामले हर रोज आ रहे हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटे में देश में 43 हजार नए मामले आए और 338 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण से हो गई। देश में फिलहाल 3 लाख 94 हजार एक्टिव केस हैं। अब तक 4 लाख 41 हजार लोगों की मौत देश में कोरोना संक्रमण की वजह से हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications