शरद पवार के इस्तीफे के बाद राहुल गांधी ने किया था सुप्रिया को फोन, जानें क्या है 'गेम प्लान'
शरद पवार के इस्तीफे के कुछ देर बाद ही सुप्रिया सुले के पास कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सुले से बातचीत की थी।

दिग्गज राजनीतिक नेता शरद पवार के दो दिन पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद उनके उत्तराधिकार को लेकर कई तरह कयास लग रहे हैं। कल मुंबई में इस मसले को लेकर एक बैठक होने वाली है।
इसी बीच पूरे इस घटनाक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी एंट्री हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को शरद पवार ने जैसे ही इस्तीफे का ऐलान किया, उसके कुछ देर बाद ही सुप्रिया सुले के पास राहुल गांधी का फोन पहुंचा था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, मंगलवार को शरद पवार के इस्तीफे के ऐलान के कुछ ही घंटे बाद राहुल गांधी और एमके स्टालिन ने सुप्रिया सुले से फोन पर बातचीत की। राहुल और स्टालिन दोनों ने ही सुले से पवार के इस फैसले के पीछे की वजह के बारे में पूछा।

एनसीपी के एक सीनियर नेता ने बताया कि, राहुल गांधी और स्टालिन ने सुले से जानने की कोशिश की कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो पवार ने अचानक ये ऐलान किया। उनकी राय थी कि पवार को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।
वहीं एनसीपी के एक अन्य नेता ने बताया, 'एनसीपी जैसी विचारधारा वाली दूसरी पार्टियां चाहती हैं कि शरद पवार कम से कम अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव तक पार्टी चीफ बने रहें।' राहुल गांधी और सुप्रिया सुले राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, दोनों नेताओं ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की संभावनाओं पर चर्चा की होगी।

कांग्रेस नहीं चाह रही है कि, लोकसभा चुनावों और महाराष्ट्र चुनावों से पहले महाविकास अघाड़ी की टूट जाए। पवार ही महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के शिल्पकार हैं। वह बीजेपी विरोधी विपक्षी एकता की धुरी रहे हैं। ऐसे में अगर महाविकास अघाड़ी टूटता है तो बीजेपी को बड़ा फायदा होगा । इसलिए कांग्रेस चाह रही है कि चुनावों तक शरद पवार अपना इस्तीफा वापस ले लें।
वहीं अब राहुल गांधी और सुप्रिया सुले की बातचीत को लेकर महाराष्ट्र के कांग्रेस चीफ नाना पटोले ने भी प्रतिक्रिया दी है। नाना पटोले ने कहा, 'राहुल गांधी एक अनुभवी नेता हैं और उन्होंने सुप्रिया सुले से बात की और उनसे पूछा कि वह कैसे मदद कर सकते हैं?
इसी बीच ये भी खबरें आ रही है कि, पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं और समर्थकों के बार-बार अपील करने के बावजूद अपना पद छोड़ने का फैसला वापस नहीं लेने को तैयार हैं। जिसके बाद अब ऐसे संकेत मिलने लगे है कि, शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगी, जबकि भतीजे अजित पवार राज्य इकाई के प्रमुख होंगे।












Click it and Unblock the Notifications