पुणे की पुलिस ने नो पार्किंग में खड़ी बाइक को उसके मालिक समेत उठाया, कार्यशैली पर उठे सवाल
पुणे, अगस्त 20। महाराष्ट्र के पुणे में ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का एक हैरान करने वाला तरीका सामने आया है। दरअसल, सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को उठाते वक्त पुणे ट्रैफिक पुलिस ने उस बाइक के मालिक को भी उठा लिया। पूरा मामला पुणे के नाना पेठ इलाके का है, जहां सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को पुलिसवालों ने उठा लिया, तभी उस बाइक का मालिक वहां आ गया और वो बाइक पर बैठ गया। इस दौरान पुलिसवालों ने उस शख्स को ही बाइक समेत क्रेन से उठा लिया।
Recommended Video

वीडियो वायरल होने के बाद डीसीपी ट्रैफिक की आई सफाई
मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुणे ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए। वीडियो वायरल होने के बाद डीसीपी ट्रैफिक को सफाई देनी पड़ी। उन्होंने कहा:-
बाइक नो पार्किंग में खड़ी थी, जब हमारे अफसरों ने बाइक को उठाया तो बाइक का मालिक वहां आ गया और बाइक के उपर बैठ गया। पुलिसकर्मियों ने उससे नीचे उतरने का अनुरोध किया, लेकिन वो नहीं माना। हालांकि बाद में उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली और जुर्माना भी भर दिया।
पुलिस के खिलाफ दिखा लोगों का गुस्सा
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। इस घटना के पीड़ित शख्स का कहना है कि वो पुलिसवालों से लगातार कह रहा था,'सर, मेरी बाइक नो-पार्किंग में नहीं है, मैं दो मिनट के लिए सड़क के किनारे खड़ा हुआ था। मैंने अपनी बाइक पार्क नहीं की है, मैं तुरंत निकल रहा हूं, कृपया मेरे खिलाफ कार्रवाई न करें।' कुछ चश्मदीदों ने बताया है कि पुणे पुलिस की कार्यशैली हर दिन सवालों के घेरे में आती रहती है। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों को नाना पेठ क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस लगातार परेशान कर रही है। वे हमारी दुकान के सामने से गाड़ी उठाते हैं और कुछ लेने-देने के बाद गाड़ी छोड़कर तुरंत वहां से निकल जाते हैं।
ये भी पढ़ें: PMO की आपत्ति के बाद मंदिर से हटाई गई PM मोदी की मूर्ति, NCP ने ली चुटकी












Click it and Unblock the Notifications