पुणे में गणेश पंडाल में अचानक लगी आग, BJP अध्यक्ष नड्डा को सुरक्षित बाहर निकाला गया
देशभर में गणेश चतुर्थी समारोह धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी बीच पुणे में मंगलवार शाम को गणेश पंडाल में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा को आनन-फानन बाहर निकाला गया। बीजेपी अध्यक्ष महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले के साथ पूजा-अर्चना कर रहे थे। घटनास्थल के दृश्यों से पता चलता है कि शहर के बीच में लोकमान्य नगर इलाके में अस्थायी पंडाल के टॉप हिस्से में आग लगी।
दरअसल, साने गुरुजी तरूण मित्र मंडल में शाम करीब साढ़े सात बजे अध्यक्ष जेपी नड्डा पंडाल के अंदर आरती के लिए पहुंचे। तभी अचानक बोर्ड की ओर से मंचित किया गया कि अस्थायी पंडाल के टॉप हिस्से में आग लग गई है। खास बात यह रही कि आग लगने के बाद तेज बारिश हो गई। एक तरफ जेपी नड्डा को सुरक्षित परिसर ने बाहर निकाल लिया गया। वहीं, बारिश ने आग को भी शांत कर दिया। हालांकि, आग की घटना के कारण जेपी नड्डा आरती में शामिल नहीं हो सके।

क्या कहती है पुलिस?
पुणे के पुलिस आयुक्त रेतेश कुमार ने कहा कि जब आग लगी तो नड्डा पंडाल छोड़ने वाले थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया और आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पटाखों के कारण लगी आग!
डीसीपी (जोन 3) सुहैल शर्मा के मुताबिक, मंडल द्वारा "मेहमानों के स्वागत" के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे। पुणे सिटी फायर चीफ देवेंद्र पोटफोडे ने कहा कि कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे थे, तभी माना जा रहा है कि एक रॉकेट से पंडाल के शिखर पर आग लग गई। फायर टेंडर तैनात किया गया और आग पर काबू पा लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications