Who is Priyanka Chaturvedi: पीएम मोदी के बाद जया बच्चन के साथ फोटो हुई वायरल, कितनी संपत्ति की हैं मालकिन?
Who is Priyanka Chaturvedi: राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी इन दिनों जमकर चर्चा में हैं। चंद दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी फोटो वायरल हुई। उसके बाद समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन के साथ उनकी फोटो सोशल मीडिया पर सुखियां बटोर रही हैं। जया बच्चन के साथ प्रियंका की जो तस्वीर सामने आई है उसमें दोनों महिला सांसद एक-दूसरे के साथ काफी सहज दिख रही हैं।
ये फोटो लोगों को इसलिए आकर्षित कर रही हैं क्योंकि हाल ही में जया बच्चन ने संसद के सदन में प्रियंका चतुर्वेदी की तेज से फटकार लगाते हुए कहा था कि "मेरा माइंड कंट्रोल मत करो।"

यह घटना 30 जुलाई, 2025 को 'ऑपरेशन सिंदूर' पर राज्यसभा में हुई चर्चा के दौरान घटी थी जिसका वीडियो सोशल मीडिया खूब देखा गया था। इसके बाद अब प्रियंका चतुर्वेदी की जया बच्चन की ये फोटो वायरल होने पर खुद प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया की और जताया कि दोनों सांसदों की बॉन्डिंग खास है।
प्रियंका बोलीं- "स्नेह का बंधन अंडर कंट्रोल में है"
दरअसल, प्रियंका चतुर्वेदी ने वायरल तस्वीरों को हैशटैक के साथ लिखा #IYKYK (If You Know, You Know) का इस्तेमाल किया। उन्होंने 6 अगस्त को जया बच्चन के साथ ली गई तस्वीरों पर कहा, "स्नेह का बंधन अंडर कंट्रोल में है।" गौरतलब है कि शिवसेना (यूबीटी) और समाजवादी पार्टी दोनों ही 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा हैं, जिसमें कई विपक्षी दल शामिल हैं।
पीएम मोदी के साथ फोटो हुई थी वायरल
इससे पहले प्रियंका चतुर्वेदी इसी सप्ताल पीएम मोदी से मुलाकात करने गई थीं और उनके साथ फोटो करवाई थी। इस फोटो के वायरल होने के बाद दावे किए जाने लगे थे कि प्रियंका चतुर्वेदी उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली हैं। हालांकि प्रियंका चतुर्वेदी ने इन दावों का खंडन किया था और इसे पीएम मोदी और एक सांसद की औपचारिक मुलाकात बताया था। आइए जानते हैं प्रियंका चतुर्वेदी का राजनीतिक सफर और उनके जुड़ी खास बातें..
कौन हैं प्रियंका चतुर्वेदी?
प्रियंका चतुर्वेदी का जन्म 19 नवंबर 1979 को मुंबई में एक हिंदू परिवार में हुआ था। उनके माता-पिता का नाम पुरुषोत्तम चतुर्वेदी और चंद्रकांता चतुर्वेदी है। उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला है।
प्रियंका चतुर्वेदी का राजनीतिक करियर
प्रियंका चतुर्वेदी वर्तमान में महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद और शिवसेना (यूबीटी) की नेता हैं। इससे पहले वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़ी हुई थीं, जहां वह पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर सक्रिय थीं। उन्होंने 2019 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर शिवसेना का दामन थामा था। इसके अतिरिक्त, वह दो गैर-सरकारी संगठनों की ट्रस्टी के रूप में बच्चों की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए भी काम करती हैं। राजनीति में कदम रखने से पहले प्रियंका पीआर और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी एमपॉवर कंसल्टेंट्स के डॉयरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
प्रियंका चतुर्वेदी कितनी पढ़ी-लिखी हैं?
शिक्षा की बात करें तो प्रियंका चतुर्वेदी ने अपनी स्कूली शिक्षा जुहू के सेंट जोसेफ हाई स्कूल से पूरी की है। इसके बाद, उन्होंने 1999 में विले पार्ले के नरसी मोनजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से कॉमर्स में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की।
प्रियंका चतुर्वेदी के पति और बच्चे
प्रियंका की शादी 19 नवंबर 1999 को विक्रम चतुर्वेदी से हुई थी। प्रियंका चतुर्वेदी के दो बच्चे हैं, अर्णव और अनित्रा चतुर्वेदी। जानकारी के अनुसार, उनके बेटे अर्णव अमेरिका की इलिनोइस-अर्बाना शैम्पेन विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं। प्रियंका के पति नहीं चाहते थे कि वो राजनीति में आए।
कितनी संपत्ति की मालिक हैं प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना (यूबीटी) की उपनेता प्रियंका चतुर्वेदी की कुल संपत्ति को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके पास कुल 9.25 करोड़ रुपये की नेटवर्थ है।












Click it and Unblock the Notifications