मुंबई: धारावी में कंट्रोल में है वायरस, एक नए केस के बाद एक्टिव मामले हुए 10
मुंबई, 21 अगस्त: पिछले साल भारत में फैली कोरोना महामारी से पूरा देश परेशान है, जहां सबसे ज्यादा संक्रमित मरीजों की संख्या महाराष्ट्र में है। हालांकि अब वहां पर हालात काफी ज्यादा काबू में आ गए हैं। राजधानी मुंबई में स्थित एशिया के सबसे बड़े झोपड़पट्टी वाले इलाके धारावी में भी हालात सुधर गए है, जहां पिछले 24 घंटे में सिर्फ एक मामला सामने आया। इसके अलावा वहां पर वैक्सीनेशन प्रोग्राम भी तेजी से चलाया जा रहा है।

मामले में बीएमसी ने कहा कि धारावी में एक नया केस मिला है। जिसके बाद मरीज के घर को सील कर वहां पर सैनेटाइजेशन का काम करवाया गया। इसके अलावा कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। इस नए केस के बाद अब धारावी में एक्टिव केस की संख्या 10 हो गई है। वहीं पूरे मुंबई की बात करें तो वहां पर संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 7,40,608 है। जिसमें से 15,941 की मौत हुई, जबकि 7,19,173 ठीक हो चुके हैं।
पूरे राज्य का आंकड़ा देखें तो महाराष्ट्र देशभर में अभी भी टॉप पर है, जहां पर कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 64,15,935 है। इसमें से 1,35,672 की मौत हुई, जबकि 62,21,305 ठीक हो चुके हैं। इस वजह से एक्टिव केस की संख्या 55,454 ही है। हालांकि राज्य सरकार ने तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए बहुत सी पाबंदियां बरकरार रखी हैं।
बच्चों के असपताल का उद्घाटन
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मुंबई के कलिना कैंपस के आईटी पार्क में बच्चों के लिए कोविड अस्पताल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से कोरोना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि मैं सभी राजनीतिक दलों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से आग्रह करता हूं कि ऐसा कुछ भी न करें, जिससे नागरिकों के जीवन को खतरा हो। कोविड संकट अभी खत्म नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications