'एक और फर्जीवाड़ा, अंतिम संस्कार के लिए मुसलमान और...', नवाब मलिक ने दिखाया डेथ सर्टिफिकेट
नवाब मलिक ने लिखा- 'एक और फर्जीवाड़ा, अंतिम संस्कार के लिए मुसलमान और सरकारी दस्तावेज के लिए हिन्दू?'
मुंबई, 25 नवंबर: ड्रग्स केस में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद से एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक के निशाने पर हैं। नवाब मलिक का आरोप है कि समीर वानखेड़े ने झूठा जाति प्रमाण-पत्र देकर आरक्षित कोटे से नौकरी पाई है। हाल ही में नवाब मलिक ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक तस्वीर भी जारी की थी और दावा किया कि ये तस्वीर निकाहनामे पर हस्ताक्षर करते हुए समीर दाऊद वानखेड़े की है। अब नवाब मलिक ने एक और ट्वीट किया है और दावा किया है कि ये दस्तावेज समीर वानखेड़े की मां की मौत से जुड़े हुए हैं।

'एक दस्तावेज में मुस्लिम, दूसरे में हिंदू'
नवाब मलिक ने अपने ट्वीट में समीर वानखेड़े की मां जाहेदा बानो का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया है, जिसमें उनका धर्म हिंदू लिखा हुआ है। वहीं, दूसरा दस्तावेज एक कब्रिस्तान का है, जिसमें उनकी मां का धर्म मुस्लिम बताया गया है। इन दस्तावेजों को पोस्ट करते हुए नवाब मलिक ने लिखा, 'एक और फर्जीवाड़ा, अंतिम संस्कार के लिए मुसलमान और सरकारी दस्तावेज के लिए हिन्दू? धन्य है दाऊद ज्ञानदेव।'

'समीर वानखेड़े के पिता ने स्वीकार किया था इस्लाम'
आपको बता दें कि नवाब मलिक लगातार इस बात को कह रहे हैं कि समीर वानखेड़े जन्म से मुस्लिम हैं और उन्होंने अनुसूचित जाति कैटेगरी में आईआरएस की नौकरी हासिल करने के लिए अपने पिता की पुरानी पहचान का इस्तेमाल किया था। नवाब मलिक ने दावा किया है कि समीर वानखेड़े के पिता ज्ञानदेव वानखेड़े जाहेदा बानो से शादी करने से पहले इस्लाम धर्म स्वीकार कर चुके थे।

हाईकोर्ट ने लगाई मलिक की बयानबाजी पर रोक
वहीं, समीर वानखेड़े और उनके परिवार ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए नवाब मलिक के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। इस केस में सुनवाई करते हुए गुरुवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने वानखेड़े परिवार के खिलाफ नवाब मलिक के बयानबाजी करने पर रोक लगा दी। इस आदेश के बाद नवाब मलिक के वकील ने हाईकोर्ट को बताया कि अब नवाब मलिक 9 दिसंबर तक समीर वानखेड़े के परिवार के खिलाफ कोई बयान नहीं देंगे और ना ही सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट डालेंगे।

'यह क्या किया तूने समीर दाऊद वानखेड़े'
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को ही नवाब मलिक ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक तस्वीर पोस्ट की थी। नवाब मलिक ने दावा किया कि तस्वीर में दिख रहा शख्स समीर दाऊद वानखेड़े है और वो अपने निकाहनामे पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। इस तस्वीर के साथ कैप्शन में नवाब मलिक ने लिखा, 'कबूल है, कबूल है, कबूल है...यह क्या किया तूने समीर दाऊद वानखेड़े...'।
ये भी पढ़ें- यूपी से लेकर बिहार तक... बड़े दलों में सेंधमारी, आखिर क्या है ममता बनर्जी की प्लानिंग?











Click it and Unblock the Notifications