Mumbai Weather: फरवरी में पसीने छुड़ा रही गर्मी, 35 डिग्री पहुंचा पारा, IMD का बारिश पर अपडेट
Mumbai Weather: फरवरी की शुरुआत में ही मुंबई में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आम तौर पर यह महीना सुहाना रहता है। इस बार अभी ही तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया है। फरवरी के आखिरी सप्ताह में तापमान इतना रहता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने की वजह से इस साल गर्मी समय से पहले दस्तक दे चुकी है। दिन के समय तेज धूप और उमस का अहसास हो रहा है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि रविवार से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की कमी आने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक लुढ़क सकता है। नवी मुंबई और कल्याण जैसे उपनगरीय इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत थोड़ा कम रहने की संभावना है।

Mumbai Weather: मौसम में बदलाव की वजह से बिगड़ी सेहत
- मौसम में अचानक बदलाव के कारण लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है। बॉम्बे अस्पताल के फिजिशियन डॉ. गौतम भंसाली का कहना है कि गर्मी बढ़ते ही लोग ठंडा पानी, दही और कोल्ड ड्रिंक का अधिक सेवन करने लगते हैं।
- अचानक बढ़े तापमान और गर्मी की वजह से गले की समस्याएं बढ़ रही हैं। दिन की गर्मी और रात की ठंड के कारण सूखी खांसी और वायरल के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
Mumbai Weather Update: जल्द मिल सकती है राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार और सोमवार की सुबह हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। शाम के समय तापमान 24-25 डिग्री के आसपास रह सकता है। यदि समुद्री हवाएं समय पर सक्रिय हो गईं तो उमस कम रहेगी और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 के करीब बना रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बढ़ी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जनवरी के बाद उत्तर भारत में सक्रिय रहे 5-6 वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने सामान्य मौसम चक्र को प्रभावित किया। राजस्थान-गुजरात में बनने वाला एंटी-साइक्लोन मध्य महाराष्ट्र की ओर खिसक गया, जिससे मुंबई में पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ा। ये हवाएं समुद्री ब्रीज को कमजोर कर देती हैं, जिसके कारण दोपहर तक तापमान तेजी से बढ़कर 35 डिग्री तक पहुंच रहा है और सी-ब्रीज देर से सक्रिय हो पा रही है।












Click it and Unblock the Notifications