Mumbai Rain: मुंबई में फंसी मोनो ट्रेन, शीशे तोड़कर क्रेन से सुरक्षित निकाले गए सभी यात्री
Mumbai Rain: महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर जारी है, जिसके कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के बीच दो मोनोरेल ट्रेनें एलिवेटेड ट्रैक पर फंस गईं, जिससे 500 से अधिक यात्री प्रभावित हुए। यह घटना मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क के बीच हुई, जहां बिजली आपूर्ति बाधित होने से ट्रेनें रुक गईं। फंसे हुए यात्रियों में से कई ने घुटन और सांस लेने में तकलीफ हुई।
लगभग चार घंटे का बचाव अभियान चलाया गया। रेसक्यू टीम ने क्रेन और सीढ़ी लगाकर शीशे तोड़ कर यात्रियों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन बीच रास्ते में अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों को काफी तकलीफ हुई। ट्रेन के डब्बों में अंधेरा छा गया था और अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में फंसे यात्रियों का सांस लेना दूभर हो गया।

क्रेन से निकाले गए यात्री
अधिकारियों के अनुसार, मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क के बीच फंसी एक मोनोरेल ट्रेन में 400 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल करना पड़ा। दूसरी मोनोरेल ट्रेन से भी सौ से ज़्यादा यात्रियों को सुरक्षित वडाला स्टेशन पर वापस लाया गया।
14 यात्रियों को अस्तपताल में भर्ती करवाया गया
मोनोरेल अचानक बीच रास्ते में बंद होने के बाद बिजली और एयर कंडीशनिंग सिस्टम बंद होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। 15 यात्रियों ने घुटन की शिकायत की। इनमें से 14 लोगों को मौके पर ही चिकित्सा सहायता दी गई, जबकि एक बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
क्यों बीच रास्ते में अटकी मोनो रेल?
मुंबई मोनोरेल प्रशासन ने बताया कि मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास मोनोरेल ट्रेन में बिजली आपूर्ति में मामूली तकनीकी समस्या आई थी। प्रशासन की संचालन और रखरखाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। भारी बारिश के कारण स्थानीय ट्रेन सेवाएं निलंबित होने के बाद इन दोनों मोनोरेल ट्रेनों में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे।
सीएम फडणवीस बोले- घटना की जांच की जाएगी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लिखा, "किसी को भी घबराने की ज़रूरत नहीं है, सभी को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।" उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पुष्टि की कि तकनीकी कारणों से मोनोरेल चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच फंसी थी। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA), अग्निशमन विभाग और नगर निकाय सहित सभी संबंधित एजेंसियां ने बचाव कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस स्थिति से निपटने के लिए MMRDA, अग्निशमन दल और नगर निगम सहित सभी संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंच गई थी और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया।












Click it and Unblock the Notifications