Mumbai news: मुंबई में जल्द ठप हो सकती ऑटो, टैक्सी, बस और उबर व ओला सर्विस! जानें बड़ी वजह
Mumbai news: मुंबई में सीएनजी संकट 17 नवंबर को भी गहराया हुआ है, जिसने शहर के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सीएनजी आपूर्ति बाधित होने के कारण शहर के परिवहन पर गंभीर असर पड़ा है। इसी बीच मुंबई ऑटो रिक्शा और टैक्सी मेन यूनियन ने चेतावनी दी है कि शाम तक शहर का सार्वजनिक परिवहन ठप हो सकता है।
यह चेतावनी कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की आपूर्ति में बड़ी रुकावट के बाद आई है, जो शहर के अधिकांश ऑटो रिक्शा और टैक्सियों का मुख्य ईंधन है। यूनियन के अध्यक्ष शशांक राव ने कहा, "अगर सीएनजी आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई, तो शाम तक लगभग सभी ऑटो और टैक्सी सड़कों से हट जाएंगी।" यह समस्या राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स के चेंबूर संयंत्र में एक मुख्य पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण हुई।

486 सीएनजी रिफिलिंग स्टेशन ठप
बता दें वडाला स्थित कंप्रेश्ड गैस स्टेशन (CGS) को जाने वाली गेल (GAIL) की पाइपलाइन रविवार सुबह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का प्रवाह काफी कम हो गया। इस क्षति ने महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) के वडाला स्टेशन को प्रभावित किया, जिससे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) में सभी 486 सीएनजी रिफिलिंग स्टेशनों पर परिचालन ठप हो गया। जिसके चलते मुंबई में ऑटो रिक्शा, टैक्सियां, बसें और उबर व ओला जैसी एग्रीगेटर कैब सड़कों से बड़ी संख्या में नदारद है
कब सही होगी ये समस्या?
एमजीएल ने इस समय कंपनी घरेलू पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) आपूर्ति को प्राथमिकता दे रही है ताकि घरों में गैस की कमी न हो। जिससे औद्योगिक और कार्मशियल वाहनों को वैकल्पिक ईंधन तलाशने पड़ रहे हैं। एम.जी.एल. ने बताया कि मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है और 18 नवंबर से सामान्य आपूर्ति की उम्मीद जताई है। जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कई सीएनजी पंप बंद रहेंगे।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विस चरमराई
इस संकट का सबसे बड़ा असर मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर पड़ा है। शहर की अधिकांश काली-पीली टैक्सियाँ (लगभग 30,000), ऑटो-रिक्शा (लगभग 2.80 लाख), ऐप-आधारित कैब और कुछ बेस्ट (BEST) बसें सीएनजी पर ही चलती हैं।
लाखों ड्राइवरों की राेजी- रोटी पर आया संकट
मुंबई रिक्शा चालक यूनियन के नेता थंपी कुरियन ने एमजीएल से ऐसी स्थितियों में वैकल्पिक समाधान खोजने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि अतीत में भी ऐसी ही स्थितियों को तेजी से सुलझाया गया था। कुरियन ने कहा, "हम दो दिनों तक ऑटो को सड़कों से दूर नहीं रख सकते। इससे उपनगरों में कई ड्राइवरों की आजीविका प्रभावित होगी।" उन्होंने सीएनजी आपूर्ति बहाल करने और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में व्यवधान को कम करने के लिए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।












Click it and Unblock the Notifications