मुंबई लोकल के लिए आज से पास बनने शुरू, सिर्फ वैक्सीन लगवा चुके लोगों को यात्रा की इजाजत
मुंबई, 11 अगस्त: इस साल अप्रैल में जब कोरोना वायरस की दूसरी लहर आई, तो महाराष्ट्र सरकार ने लॉकडाउन के ऐलान के साथ लोकल ट्रेनों से आम लोगों की यात्रा को बैन कर दिया था। अब हालात सुधरने के बाद सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है, जिसके तहत वो नागरिक आराम से लोकल ट्रेन की यात्रा कर सकेंगे, जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक ले ली है। इसके लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बुधवार से पास जारी करने शुरू कर दिए।

बीएमसी के मुताबिक जिन नागरिकों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी खुराक के बाद 14 दिन पूरे कर लिए हैं, वो यात्रा कर सकते हैं। यात्रा पास पाने के लिए उन्हें वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट की हार्डकॉपी और एक फोटो आईडी के साथ स्टेशन जाना होगा। सत्यापन के बाद 15 अगस्त से पात्र लोगों को यात्रा करने की अनुमति दे दी जाएगी। इसके लिए बीएमसी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 53 रेलवे स्टेशनों पर कुल 358 हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।
बीएमसी ने आगे बताया कि हेल्प डेस्क लगातार दो सेशन में सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक चालू रहेंगे। जिनको भी पास चाहिए, वो घर के पास के स्टेशन पर संपर्क कर सकते हैं। हालांकि बीएमसी ने सभी से भीड़ से बचने की अपील की है। वहीं कई बार देखा गया है कि नियमों से बचने के लिए लोग फर्जी RT-PCR रिपोर्ट या वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट देते हैं। ऐसे लोगों को बीएमसी ने हिदायत देते हुए कहा कि अगर कोई फर्जी सर्टिफिकेट लेकर आया, तो उसको कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
सीएम ने कही थी ये बात
कुछ दिनों पहले एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान सीएम उद्धव ठाकरे ने लॉकडाउन में ढील की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि जिन जिलों में कम केस हैं, वहां पर राहत दी जा रही है। आने वाले दिनों में पाबंदियों को और ज्यादा कम किया जाएगा। वहीं लोकल में आम लोगों को यात्रा करने की छूट देने का आश्वासन उन्होंने दिया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
महाराष्ट्र में कितने केस?
कुल मामले- 63,63,442
मौत- 1,34,201
रिकवरी- 61,59,676
एक्टिव- 66,123












Click it and Unblock the Notifications