Mumbai local train: मुंबई लोकल ट्रेन के इन रूटों पर रहेगा मेगा ब्लॉक, तीनों लाइनों की ट्रेनें होंगी प्रभावित
Mumbai local train: मुंबई में 25 जनवरी, 2026 (रविवार) को लोकल ट्रेन यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। मध्य, पश्चिम और हार्बर लाइनों पर निर्धारित रखरखाव के काम के कारण मेगा ब्लॉक लागू रहेगा, जिससे कई ट्रेन सर्विसप्रभावित होंगी। यह ब्लॉक रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरण के रखरखाव के लिए लगाया जा रहा है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। ट्रेन के समय में बदलाव को देखते हुए नवीनतम जानकारी के लिए रेलवे की घोषणाएं देखें। राहत की बात यह है कि ट्रांस-हार्बर और उरण लाइन पर ट्रेन सेवाएँ सामान्य रहेंगी, क्योंकि इन पर कोई ब्लॉक घोषित नहीं किया गया है।

वेस्टर्न रेलवे के तहत हार्बर लाइन पर माहिम और गोरेगांव के बीच अप और डाउन लाइनों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जंबो ब्लॉक रहेगा। विशेष रूप से, अंधेरी और गोरेगांव के बीच सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक और माहिम तथा अंधेरी के बीच सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक रखरखाव कार्य चलेगा।
इस अवधि के दौरान मध्य रेलवे की सीएसएमटी-बांद्रा-सीएसएमटी और सीएसएमटी/पनवेल-गोरेगांव-सीएसएमटी/पनवेल हार्बर लाइन की सभी ट्रेन सेवाएँ रद्द रहेंगी। चर्चगेट और गोरेगांव के बीच चलने वाली कुछ धीमी सेवाएं भी इस ब्लॉक के कारण रद्द कर दी जाएंगी, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
सेंट्रल रेलवे की ये ट्रेनें रहेगी प्रभावित
सेंट्रल रेलवे पर, माटुंगा और मुलुंड के बीच अप और डाउन फास्ट लाइनों पर सुबह 11:05 से दोपहर 3:45 तक ब्लॉक रहेगा। सीएसएमटी मुंबई से सुबह 10:36 से दोपहर 3:10 बजे तक निकलने वाली डाउन फास्ट लाइन सेवाएँ माटुंगा स्टेशन पर डाउन स्लो लाइन पर मोड़ दी जाएँगी। यह ट्रेनें माटुंगा और मुलुंड के बीच अपने निर्धारित ठहरावों पर रुककर गंतव्य पर 15 मिनट की देरी से पहुंचेंगी।
ठाणे की ट्रेनों को किया जाएगा डायवर्ट
ठाणे से सुबह 11:03 से दोपहर 3:38 बजे तक निकलने वाली अप फास्ट लाइन सेवाएँ मुलुंड स्टेशन पर अप स्लो लाइन पर मोड़ी जाएँगी। ये ट्रेनें मुलुंड और माटुंगा के बीच निर्धारित ठहरावों पर रुकेंगी। इसके बाद, माटुंगा स्टेशन पर अप फास्ट लाइन पर वापस मोड़ दी जाएँगी और 15 मिनट की देरी से गंतव्य पर पहुंचेंगी।
हार्बर लाइन पर कब तक रहेगा मेगा ब्लॉक?
हार्बर लाइन पर सीएसएमटी-बांद्रा/चुनाभट्टी के बीच अप और डाउन हार्बर लाइनों पर सुबह 11:10 से शाम 4:40 बजे तक ब्लॉक रहेगा। सीएसएमटी से वाशी/बेलापुर/पनवेल के लिए सुबह 11:16 से शाम 4:47 बजे तक और बांद्रा/गोरेगांव के लिए सुबह 10:48 से शाम 4:43 बजे तक जाने वाली डाउन हार्बर लाइन सेवाएँ स्थगित रहेंगी।
इसी तरह, पनवेल/बेलापुर/वाशी से सीएसएमटी के लिए सुबह 9:53 से दोपहर 3:20 बजे तक और गोरेगांव/बांद्रा से सीएसएमटी के लिए सुबह 10:45 से शाम 5:13 बजे तक जाने वाली अप हार्बर लाइन सेवाएँ भी निलंबित रहेंगी। ब्लॉक के दौरान पनवेल और कुर्ला के बीच हर 20 मिनट पर विशेष सेवाएँ चलेंगी।
हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मेन लाइन और पश्चिम रेलवे के माध्यम से यात्रा करने की अनुमति होगी। यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा के लिए की गई है, ताकि वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।












Click it and Unblock the Notifications