Mumbai Airport को बम से उड़ाने की मिली धमकी, फैली दहशत, सुरक्षा एजेंसियां हुईं हाई अलर्ट
Mumbai Airport Bomb Threat: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने इस संबंध में धमकी भरा ईमेल भेजा। इसके बाद मुंबई की सभी सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने सूचना मिलते ही हवाई अड्डा परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। इसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर बम निरोधक दस्ते (BDDS) की एक विशेष टीम ने पूरे अंतरराष्ट्रीय और घरेलू टर्मिनल के अंदर तथा बाहर खोजी अभियान शुरू कर दिया, ताकि किसी भी अनहोनी से समय रहते निपटा जा सके।

जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
इस व्यापक तलाशी अभियान के अंतर्गत हवाई अड्डे के हर कोने, लाउंज, संवेदनशील सुरक्षा चौकियों और यात्रियों के बैठने के स्थानों की गहनता से जांच की गई। प्राथमिक जांच और डॉग स्क्वायड की मदद से की गई पड़ताल के बाद फिलहाल हवाई अड्डे पर कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक उपकरण बरामद नहीं हुआ है, जिससे थोड़ी राहत मिली है।
मुंबई पुलिस ने दर्ज किया केस
हालांकि सुरक्षा एजेंसियों को फिलहाल कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन फिर भी वे किसी तरह की ढील देने के मूड में नहीं हैं। सुरक्षा बल निरंतर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। मुंबई पुलिस ने वर्तमान स्थिति को देखते हुए अज्ञात मेल भेजने वाले के खिलाफ तुरंत एक गैर-संज्ञेय (NCR) मामला दर्ज करा दिया है।
पुलिस प्रशासन ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस की विशेष साइबर इकाई इस धमकी भरे ईमेल के आईपी एड्रेस और इसे भेजने वाले के डिजिटल फुटप्रिंट्स को खंगालने में जुट गई है, ताकि इस शरारतपूर्ण और गंभीर ईमेल के पीछे छिपे असली चेहरे को बेनकाब किया जा सके और उस पर कानूनी कार्रवाई हो।
पहले भी एयरपोर्ट को मिल चुकी है धमकी
हाल के दिनों में हवाई अड्डों, विमानों और प्रमुख सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने वाली धमकियां अलग-अलग समय पर मिलती रही है। कुछ समय पहले भी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आफिस के ईमेल पर ऐसा ही एक धमकी भरा मैसेज मिला था। उस समय भेजे गए धमकी भरे ईमेल में हवाई अड्डे के साथ-साथ मुंबई के सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक ताज होटल को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी थी।
दो दिन पहले मिली थी धमकी
चौंकाने वाली बात यह है कि केवल हवाई अड्डों को ही नहीं, बल्कि राज्य के प्रमुख राजनीतिक नेताओं को भी हाल ही में इस प्रकार के ईमेल प्राप्त हुए हैं। दो दिन पहले ही मुंबई और पुणे के मेयरों को उनके ईमेल आईडी पर जान से मारने और उनके सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकियों वाले संदेश मिले थे।
मुंबई मेयर को मिली थी धमकी
मुंबई की मेयर रितू तावडे को मेल के जरिए मिली जानलेवा धमकी में साफ तौर पर कहा गया था कि उनके कार्यालय को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसके कुछ ही समय बाद पुणे के मेयर को भी इसी स्वरूप का एक अन्य धमकी भरा संदेश मिला था, जिसके बाद महाराष्ट्र के पूरे राजनीतिक जगत में सनसनी फैल गई थी।
इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों ही मेयरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को बढ़ा दिया था और उनके कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की नई समीक्षा की गई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या सार्वजनिक स्थानों और इन राजनेताओं को मिली धमकियों के बीच कोई आपसी संबंध है या नहीं।
सुरक्षा व्यवस्था की मौजूदा स्थिति और पुलिस की चेतावनी
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और स्थानीय हवाई अड्डा पुलिस लगातार हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। हवाई अड्डे के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। सामान की सख्त स्कैनिंग के साथ-साथ सघन शारीरिक जांच भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसी भी तरह की कोताही न हो।स्थानीय पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।












Click it and Unblock the Notifications