Aaj Ka Mausam: UP से लेकर केरलम तक आंधी-पानी की आशंका, 15 राज्यों में Rain Alert, क्या दिल्ली में होगी बारिश?
Aaj Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 जुलाई को देश के कई राज्यों में आंधी-पानी की आशंका को व्यक्त किया है, उसने 15 राज्यों में रेन अलर्ट जारी किया है, कहीं कहीं तो भारी बारिश के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट भी जारी है, उसका कहना है कि बरसात का ये दौर अब रूकने वाला नहीं है, इसलिए घर से बाहर निकलते वक्त एक बार मौसम अपडेट जरूर चेक करें।
बुधवार को जिन राज्यों में चेतावनी जारी की गई हैं, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल के नाम शामिल हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के निवासियों को उमस भरी गर्मी से जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह के दौरान दिल्ली के अधिकतम तापमान में करीब 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे राजधानी के लोगों को उमस और पसीने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली में जुलाई के पहले सप्ताह के दौरान मानसून की गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान लगाया गया है। 1 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके बाद, आगामी 3 जुलाई से लेकर 6. जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में लगातार गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
यूपी-बिहार में होगी बरसात
मिर्जापुर, प्रयागराज और सोनभद्र जैसे जिलों में आक्रामक मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं पूर्वी भारत की बात करें, तो बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और मुजफ्फरपुर सहित कुल 18 जिलों में वज्रपात और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश के बालाघाट, बैतूल, छिंदवाड़ा और सीहोर जैसे प्रमुख जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। यहां तेज आंधी के साथ बिजली गिरने का खतरा है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और जशपुर जैसे क्षेत्रों में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है तो वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू , जयपुर, जोधपुर और अलवर में येलो अलर्ट लागू किया गया है।
भूस्खलन और तेज बारिश का खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और तेज बारिश का खतरा फिर से बढ़ गया है। उत्तराखंड के चमोली, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक चट्टानें खिसकने की घटनाएं हो सकती हैं।
केरल राज्य में होगी भारी बरसात
दक्षिण भारत के केरल राज्य में भी मानसूनी गतिविधियां लगातार जोर पकड़ रही हैं। मौसम विभाग ने केरल के अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, कोल्लम और त्रिशूर समेत सात जिलों में मौसम काफी खराब रहने की आशंका व्यक्त की है। इसके अतिरिक्त, पश्चिमी तट पर स्थित महाराष्ट्र के नासिक, पुणे, रत्नागिरी और ठाणे में भी मूसलाधार बारिश होने की वजह से निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका है।














Click it and Unblock the Notifications