Punjab Weather: पंजाब में कब पहुंचेगा मानसून? 1 जुलाई से IMD का येलो अलर्ट, कब-कहां होगी बारिश जानें पूरा अपडे
Punjab Weather Updates: पंजाब, हरियाणा और राजधानी चंडीगढ़ में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण और चिलचिलाती गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार, 1 जुलाई सुबह से ही लोग उमस भरी गर्मी के कारण बुरी तरह बेहाल हैं। दोपहर के वक्त तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है।
हालांकि, पंजाब के कुछ जिलों जैसे पठानकोट, रूपनगर, होशियारपुर और पटियाला में हल्की बूंदाबांदी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली, बल्कि हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस और ज्यादा बढ़ गई है।

फरीदकोट में तापमान 43.8°C पार, भीषण गर्मी की चपेट में सूबा
मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में आज फरीदकोट शहर सबसे गर्म दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इसके अलावा अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और बठिंडा जैसे बड़े शहरों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। राहत की बात सिर्फ इतनी है कि अब मौसम वैज्ञानिकों ने इस असहनीय गर्मी से छुटकारे के संकेत दे दिए हैं।
1 से 6 जुलाई तक मौसम विभाग का 'येलो अलर्ट'
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने राहत की खबर देते हुए आज (1 जुलाई) से पंजाब और हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग की तरफ से 1 जुलाई से 6 जुलाई तक खराब मौसम को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
इस दौरान पंजाब के अधिकांश हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं (आंधी) चल सकती हैं। अलर्ट के मुताबिक, राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की पूरी संभावना है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी।
अगले 3-4 दिनों में मानसून की दस्तक, फसलों को मिलेगी संजीवनी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। अगले 3 से 4 दिनों के भीतर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मानसून दस्तक दे देगा। मानसून के आते ही उत्तर भारत के इन राज्यों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा, जिससे लोगों को इस जानलेवा गर्मी से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
धान की बुआई में जुटे किसानों की बढ़ी चिंता
इस समय पंजाब में धान की रोपाई का काम पूरे जोरों-शोरों पर चल रहा है। लेकिन बारिश न होने और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी की वजह से कई जगहों पर खेत सूखे पड़े हैं।
भीषण धूप में मजदूरों और किसानों के लिए खेतों में खड़े होकर काम करना बेहद मुश्किल हो रहा है। ऐसे में मौसम विभाग का यह बारिश वाला अलर्ट और मानसून की आहट पंजाब के अन्नदाताओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।














Click it and Unblock the Notifications