'जान से मार दूंगा', सांसद संजय पाटिल ने पत्रकारों को क्यों धमकाया? की गाली-गलौच! एकनाथ शिंदे ने मांगी माफी
MP Sanjay Dina Patil Row: महाराष्ट्र की सियासत में दल-बदल और बयानों की आंधी के बीच एक नया सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए मुंबई के सांसद संजय दीना पाटिल ने नया बवाल खड़ा कर दिया है। संजय दीना पाटिल ने पत्रकारों से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप है।
पत्रकारों को जान से मारने और गाली-गलौच करने का वीडियो सामने आने पर हड़कंप मच गया है। हालांकि मामला तूल पकड़ते ही शिवसेना प्रमुख उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुद आगे बढ़कर मोर्चा संभालते हुए सार्वजनिक रूप से सांसद की ओर से माफी मांगी है। जानिए आखिर सांसद संजय दीना पाटिल क्यों भड़के और क्या-क्या कहा?

मीडिया चैनलों की कवरेज में जो वीडियाे सामने आया है उसमें संजय दीना पाटिल दिखाए तो नहीं दे रहे हैं लेकिन उनकी आवाज साफ सुनाई दे रही है।
संजय पाटिल ने पत्रकारों को क्यों धमकाया? की गाली-गलौच!
'अब मेरे पास आए तो मार कर वापस भेजूंगा...'
वीडियो में संजय दीना पाटिल कथित तौर कह रहे हैं, "ये भाई बंद कर ना अब। बंद कर वरना मैं भूल जाऊंगा कि मैं कोई सांसद हूं। इज्जत करता हूं, बार बार... में मत घुसो। इज्जत करता हूं, बिना मतलब दिमाग मत खराब करो। तुमको खाना देता हूं, उनके पास जाओगे, मेरे पास आए तो मार कर वापस भेजूंगा। जो लिखना हो लिखो, जाकर कमिश्नर के पास शिकायत करो। तुम्हें सहन कर रहा हूं, बहुत दिन सहन किया तुम सबको।"
एकनाथ शिंदे ने मांगी माफी
जब ये मामला तूल पकड़ने लगा तो एकनाथ शिंदे ने ना केवल सिर्फ इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई दी, बल्कि डैमेज कंट्रोल की कोशिश करते हुए इस विवाद को शांत करने के लिए माफी मांगने की बात भी कही।
पत्रकारों पर क्यों भड़के संजय दीना पाटिल?
याद रहे संजय दीना पाटिल उन नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर शिंदे गुट का दामन थामा है। यह पूरा बवाल तब शुरू हुआ जब पत्रकारों ने सांसद संजय दीना पाटिल से उनकी राजनीतिक स्थिति और उनके हालिया फैसलों को लेकर कुछ तीखे सवाल पूछ लिए।
बेटी को लेकर पूछे गए तीखे सवालों पर क्यों खो बैठे आपा?
मीडिया कर्मियों ने संजय दीना पाटिल से पहला सवाल उनकी बेटी राजुल पाटिल के रुख को लेकर पूछा था। राजुल पाटिल, जो कि खुद एक पूर्व नगरसेविका हैं, उन्होंने पिता के दल-बदल के बावजूद यह स्पष्ट कर दिया है कि वह उद्धव ठाकरे की पार्टी यानी शिवसेना (यूबीटी) के साथ ही रहेंगी। परिवार के भीतर ही अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा को लेकर पूछे गए इस सवाल से सांसद असहज हो गए।
इसके बाद पत्रकारों ने उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत द्वारा मुंबई पुलिस को लिखे गए एक पत्र से जुड़ा सवाल पूछा था। इस पत्र में पुलिस से मांग की गई थी कि संजय दीना पाटिल के उस पुराने विवादित बयान पर कार्रवाई की जाए, जिसमें उन्होंने कथित रूप से बगावत का विरोध करने वालों को सबक सिखाने की बात कही थी।
धमकाते हुए की गाली-गालौच
इन दोनों सवालों के सामने आते ही सांसद संजय दीना पाटिल का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आरोप है कि उन्होंने पत्रकारों पर चिल्लाते हुए बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने मीडिया कर्मियों से कहा कि वे उनके व्यक्तिगत और पारिवारिक मामलों में अपनी टांग न अड़ाएं। इतना ही नहीं, उन्होंने पत्रकारों को दोबारा उनके सामने आने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
संजय पाटिल के बर्ताव पर मचा बवाल
जन प्रतिनिधियों द्वारा मीडिया के साथ इस तरह के बर्ताव की तीखी आलोचना हो रही है। इस घटना का वीडियो और संबंधित खबरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया और नेताओं द्वारा सांसद के इस व्यवहार की घोर निंदा की गई। विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी और सुरक्षा की मांग उठाई। वहीं एकनाथ शिंदे सांसद को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अगर उनके मुंह से कोई भी अनुचित शब्द निकला है, तो उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए। शिंदे के इस रुख से साफ है कि सरकार इस संवेदनशील मोड़ पर पत्रकारों की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहती।













Click it and Unblock the Notifications