Thane Live-in Murder: 32 साल की महिला का मर्डर कर कुकर में उबाला! महिला आयोग ने 4 दिन में मांगी रिपोर्ट
Thane Woman Murder: लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 साल की महिला के मर्डर मामले में महिला आयोग ने 4 दिन में रिपोर्ट मांगी है। महिला आयोग प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा, हाल के दिनों में इस तरह के मामले बढ़े हैं।

महाराष्ट्र के ठाणे में 32 साल की महिला की मौत मामले में आरोप 56 साल के लिव इन पार्टनर पर लगे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोज साहनी ने 3-4 दिन पहले सरस्वती वैद्य की हत्या कर शव के टुकड़े किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोज ने डेड बॉडी को काटने के लिए एक पेड़ काटने वाला औजार खरीदा था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने उसके शरीर के टुकड़ों को प्रेशर कुकर में उबाला और बाद में ठिकाने लगा दिया।
वारदात को छिपाने और शव के टुकड़ों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने सरस्वती के बॉडी पार्ट्स को प्लास्टिक की थैलियों में भर दिया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से महिला के शरीर के 12-13 टुकड़े बरामद किए गए हैं।
ये मामला 6-7 जून को प्रकाश में आया था। ठाणे में मीरा भयंदर स्थित सरस्वती के निवास से सबूत जमा करने पहुंची पुलिस ने जैसे ही इस नृशंस हत्याकांड की शुरुआती जानकारी शेयर की, क्राइम वर्ल्ड में हड़कंप मच गया।
रूह कंपाने वाली इस वारदात पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। ठाणे में 32 वर्षीय महिला की उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा हत्या के बाद टुकड़े किए जाने की घटना का संज्ञान लिया लेते हुए आयोग ने पुलिस से 4 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करने के लिए महिला आयोग ने पत्र भी लिखा है। आयोग ने मामले की जांच जल्द से जल्द पूरी कर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश भी दिया।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने ठाणे की घटना पर पुलिस से 4 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है। इस संबंध में महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, "हमने देखा है कि हाल के दिनों में इस तरह के मामले बढ़े हैं। हमने इस पर स्वत: संज्ञान लिया है।"












Click it and Unblock the Notifications