अजित पवार की पार्टी के उपाध्यक्ष समेत एसटी समुदाय के दो लोगों की हत्या, रोहित पवार ने सरकार पर साधा निशाना
Maharashtra News: महाराष्ट्र के नासिक में NCP नेता समेत दो लोगों की हत्या से हड़कंप मच गया है। रंग पंचमी के त्योहार के दौरान बीते बृहस्पतिवार 19 मार्च 2025 को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अजित पवार गुट के शहर उपाध्यक्ष मन्ना जाधव और उनके भाई प्रशांत जाधव की हत्या कर दी गई। जिससे इलाके में सनसनी का माहौल है।
मन्ना जाधव और उनके भाई प्रशांत जाधव दोनों एनसीपी अजित पवार गुट के नेता थे। मन्ना जाधव एनसीपी अजीत पवार गुट के शहर उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। रंग पंचमी के त्योहार के दिन इस हत्या को अंजाम दिया गया। हमलावरों की जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। इस पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है। संदिग्ध आरोपियों की तलाश के लिए 4 टीमें गठित की गई हैं।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अंबेडकरवाड़ी इलाके में मन्ना जाधव और प्रशांत जाधव को उनके घर के सामने चाकू मार दिया। इसके बाद दोनों को नासिक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(एनसीपी-एससीपी) के नेता रोहित पवार ने महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने अधिकारियों पर टालमटोल वाला जवाब देने का आरोप लगाया है।
ऐसा कहने के बजाय बेहतर होगा कि वे इस्तीफा दे दें: रोहित पवार
रोहित पवार नागपुर की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस आयुक्त ने विरोधाभाषी बयान जारी किए हैं, जिससे ऐसे मामलों में पारदर्शिता को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं। हमें टालमटोल वाला जवाब दिया जा रहा है । जब नागपुर में घटना हुई तो पुलिस कमिश्नर ने कुछ और बयान दिया। उन्होंने सीएम देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कल मुख्यमंत्री ने कहा था कि मंत्रियों को ऐसे बयान देने से पहले संयम बरतना चाहिए। ऐसा कहने के बजाय बेहतर होगा कि वे इस्तीफा दे दें।
बता दे कि दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान द्वारा जून 2020 में अपनी बेटी की मौत की नए सिरे से जांच की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने पर रोहित पवार ने भी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए कहा अगर किसी व्यक्ति ने अपनी बेटी या महिला के लिए न्याय मांगने की कोशिश की है तो उन्हें जरुर न्याय मिलना चाहिए। भाजपा सिर्फ राजनीति करती है। चुनाव के लिए बिहार में सुशांत सिंह राजपूत पर राजनीति की गई। जो एसआईटी गठित की गई थी उसका क्या हुआ, यह भी बताया जाना चाहिए।
दिशा सालियान मामला क्या है?
दिशा सालियान एक बॉलीवुड सेलिब्रिटी मैनेजर थीं, जिनकी 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड स्थित एक इमारत से गिरकर मौत हो गई थी। यह मामला तब और चर्चा में आया जब उनके क्लाइंट और बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की 14 जून 2020 को रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों मौतों के बीच संभावित कनेक्शन को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गईं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना से पहले वे अपने दोस्तों और बॉयफ्रेंड रोहन राय के साथ पार्टी कर रही थीं। पुलिस जांच में यह आत्महत्या का मामला बताया गया, लेकिन कुछ लोगों ने इसमें साजिश होने की आशंका जताई। इस मामले में कई नेताओं ने सवाल उठाए, खासकर भाजपा नेता नारायण राणे और उनके बेटे नितेश राणे ने आरोप लगाया कि दिशा की हत्या की गई थी और इसमें बड़े लोगों का हाथ हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications