अशोक चव्हाण के साले और पूर्व मंत्री खतगावकर कांग्रेस में हुए शामिल, महाराष्ट्र चुनाव से छोड़ा BJP का साथ
Bhaskarrao Patil Khatgaonkar: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। अशोक चव्हाण के साले और नांदेड़ जिले से तीन बार के सांसद रहे भास्करराव पाटिल खतगांवकर ने बीजेपी का साथ छोड़ दिया। खतगांवकर ने शुक्रवार 20 सितंबर को कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया।
खतगांवकर के साथ पूर्व विधायक ओमप्रकाश पोकरना और उनकी बहू मीनल ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया, जिससे क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य में संभावित बदलाव का संकेत मिल रहा है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, भास्करराव पाटिल खतगांवकर ने एमपीसीसी अध्यक्ष नाना पटोले और वरिष्ठ नेता अमित देशमुख की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए।

खटगांवकर की राजनीतिक सफर बहनोई अशोक चव्हाण के साथ शुरू हुआ था। खटगांवकर का कांग्रेस में फिर से शामिल होना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, खास तौर पर अशोक चव्हाण के गढ़ नांदेड़ जिले में उनके ऐतिहासिक महत्व और प्रभाव को देखते हुए।
नाना पटोले ने कहा कि बिना किसी पूर्व शर्त के कांग्रेस में शामिल होने का उनका फैसला पार्टी के आदर्शों और उद्देश्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पटोले ने इस बात पर भी जोर दिया कि खटगांवकर की वापसी जिला नेतृत्व के साथ विस्तृत चर्चा का नतीजा है, जो आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत प्रदान करेंगा।
खतगांवकर ने कांग्रेस में वापसी पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए मैं दूसरी पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गया था, लेकिन अब मैं घर वापस आ गया हूं। उन्होंने मूल रूप से 2014 में भाजपा का दामन थामा था, वह समय जब भगवा पार्टी ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र में अपनी पहली सरकार बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications