Lok Sabha Chunav Result: महाराष्ट्र में BJP की हार की देवेंद्र फडणवीस ने ली जिम्मेदारी, कर दी इस्तीफे की पेशकश
Lok Sabha Chunav result 2024: इस लोकसभा चुनाव में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी को कई राज्यों में निराशा हाथ लगी है और पिछले चुनाव की तुलना में सीटें कम हुई हैं, उसके बाद पार्टी के भीतर से पहली इस्तीफे की पेशकश की गई है।
महाराष्ट्र में भाजपा की सीटें घटने की जिम्मेदारी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने ऊपर ली है। उन्होंने इस हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने इस्तीफे की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नेता के तौर पर इस हार की जिम्मेदारी मैं अपने ऊपर लेता हूं।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा महाराष्ट्र में चूंकि एक प्रकार से भारतीय जनता पार्टी की सारी जिम्मेदारी एक लीडर के रूप में मेरे ऊपर थी, ऐसे में महाराष्ट्र में हमें जो एक तरह से हार मिली है, भाजपा को कम सीटें मिली है, उसकी पूरी जिम्मेदारी मेरी है, कहां कमी हुई है, उसे पूरा करने की कोशिश करूंगा।
मैं भागने वाला आदमी नहीं हूं और जोरों से मैदान में उतरूंगा। हमारी पूरी पार्टी को साथ में लेकर हम लोग वापस नई रणनीति तैयार करेंगे। नई रणनीति के साथ जनता के बीच में हम लोग जाएंगे और जनता के विश्वास को फिर से स्थापित करेंगे।
बता दें कि महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं, जिसमे से भाजपा को सिर्फ 9 सीटों पर जीत मिली है, जबकि कांग्रेस के खाते में 13, उद्धव ठाकरे की शिवसेना के खाते में 9, शरद पवार की एनसीपी के खाते में 8, सीटें आई हैं। जबकि एनडीए की सहयोगी एनसीपी के खाते में 1 और शिवसेना के खाते में 7 सीटें आई हैं।
पिछले चुनाव की बात करें तो भाजपा ने 23 सीटों पर जीत दर्ज की थी। यह चुनाव भाजपा ने शिवसेना के साथ मिलकर लड़ा था। शिवसेना का उस वक्त विघटन नहीं हुआ था और वह एनडीए का हिस्सा थी। उस चुनाव में शिवसेना के खाते में 18 सीटें आई थीं।












Click it and Unblock the Notifications