मुंबई के स्कूल में दर्दनाक हादसा, लिफ्ट में फंसी महिला टीचर की गर्दन, मौत
मुंबई, 17 सितंबर: मुंबई के मालाड इलाके के एक स्कूल में शुक्रवार को एक महिला टीचर की लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई। यह घटना उत्तरी मुंबई के उपनगर मलाड के चिंचोली बंदर के सेंट मैरी इंग्लिश हाई स्कूल में हुई। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित टीचर की पहचान जेनेल फर्नांडीस के तौर पर हुई है। महिला ने इस साल जून में स्कूल ज्वॉइन किया था।

पुलिस ने कहा कि जेनेल फर्नांडीस दोपहर करीब एक बजे दूसरी मंजिल पर स्टाफ रूम में जाने के लिए छठी मंजिल पर इंतजार कर रही थी। लेकिन लिफ्ट में एंटर करते ही उनके साथ यह हादसा हो गया। टीचर का सिर फंस गया। बाकी शरीर लिफ्ट के बाहर था। तभी लिफ्ट 7वें फ्लोर की तरफ जाने लगी और महिला इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे की भनक लगते ही स्कूल कर्मचारी टीचर की मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह से उन्हें लिफ्ट केबिन से बाहर निकाला और मलाड पुलिस को खबर दी। पीड़ित टीचर को पास के लाइफलाइन अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जोन 11 के पुलिस उपायुक्त विशाल ठाकुर ने कहा, "प्राथमिक जांच के दौरान, हमने दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी। अगर कोई गड़बड़ी होती है, तो हम उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications