पत्नी को इंप्रेस करने के लिए पति ने हैक किया पासपोर्ट वेरिफिकेशन सिस्टम, अब पहुंचा सलाखों के पीछे
एक इंजीनियर ने अपनी पत्नी के लिए पासपोर्ट वेरिफिकेशन सिस्टम ही हैक कर लिया। बाद में पुलिस ने उसे गाजियाबाद से गिरफ्तार किया।

एक शादीशुदा महिला मुंबई में रहकर नौकरी करती थी। उसका सपना विदेश जाने का था, इस वजह से उसने पासपोर्ट अप्लाई किया। पासपोर्ट के लिए पुलिस वेरिफिकेशन हुआ, लेकिन मामला अटक गया। उसने गाजियाबाद में रह रहे अपने पति को ये बात बताई, जो पेशे से एक इंजीनियर है। इसके बाद पति ने पत्नी को इंप्रेस करने के लिए जो कदम उठाया, उसके बारे में जानकर पुलिस हैरान रह गई।
27 साल के शख्स ने हाल ही में पासपोर्ट वेरिफिकेशन सिस्टम को हैक कर अपनी पत्नी समेत तीन आवेदकों की जांच रिपोर्ट को मंजूरी दे दी। जब विभागीय अधिकारियों को इस बात का पता चला तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्होंने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद जब जांच हुई तो पता चला कि ये कांड गाजियाबाद में रहने वाले शख्स ने किया है।
पुलिस के मुताबिक शाह की पत्नी द्वारा जमा किए गए दस्तावेज सही थे और कोई समस्या नहीं थी, लेकिन प्राथमिकी के बाद शाह की पत्नी का पासपोर्ट रोक दिया गया। ऐसे में आरोपी अपनी पत्नी को इंप्रेस करना चाहता था और उसने सिस्टम को ही हैक कर लिया। शक से बचने के लिए पत्नी के अलावा दो अन्य के भी वेरिफिकेशन को अप्रूव कर दिया।
इस मामले में पिछले साल आजाद मैदान थाने में आईपीसी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद इसे साइबर थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों महिलाओं को क्लीन चिट दे दी, लेकिन तभी पता चला कि नोएडा के एक आईपी एड्रेस का इस्तेमाल इस कांड में हुआ है। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई। जांच अधिकारियों के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने एक अधिकारी को क्लियरिंग अथॉरिटी का लॉगिन आईडी और पासवर्ड दिया था। उसी को हैक कर इसे घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी ने पिछले साल 24 सितंबर को छुट्टी के दिन फाइल अप्रूव की थी, जिस दिन पासपोर्ट ब्रांच बंद थी।












Click it and Unblock the Notifications