Gadchiroli Naxal Encounter: गढ़चिरौली में सैन्य बलों का बड़ा ऑपरेशन, 3 नक्सली मारे गए, एक जवान भी शहीद
Gadchiroli Naxal Encounter: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों के खिलाफ सैन्य बलों का बड़ा अभियान चल रहा है। पिछले तीन दिनों से चल रहे इस ऑपरेशन में अब तक तीन माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इस कार्रवाई के दौरान घायल हुए एक सी-60 कमांडो भी शहीद हुए हैं। कमांडो को गोली लगी थी जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन 3 फरवरी से शुरू किया गया था। अभियान का नेतृत्व भामराग के एसडीपीओ कर रहे हैं। ऑपरेशन में सी-60 की कुल 14 यूनिटों को तैनात किया गया है। गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की सीमा पर स्थित फोडेवाड़ा गांव के पास माओवादियों की कंपनी नंबर-10 की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके आधार पर कार्रवाई की गई।

Gadchiroli Naxal Encounter: 3 नक्सलियों को किया गया ढेर
- जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सुरक्षा बलों ने इलाके में दो नक्सली कैंपों का पता लगाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इसके बाद तलाशी अभियान को और मजबूत करने के लिए शुक्रवार को सघन अभियान चलाया गया।
- केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की चार अतिरिक्त यूनिटें, सी-60 की टीम और क्यूएटी की एक टुकड़ी को मौके पर तैनात किया गया।
- गुरुवार को मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव, एक एके-47 राइफल और एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर) बरामद की गई। बाद में दो और नक्सलियों के शव मिले, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है।
- इस तरह मौजूदा ऑपरेशन में मारे गए माओवादियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। हालांकि अब तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। सूत्रों के मुताबिक, ऑपरेशन अभी जारी है।
Naxal Encounter में एक जवान भी शहीद
मुठभेड़ के दौरान सी-60 के जवान दीपक चिन्ना मदावी (38) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले भामरागढ़ ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल जवान जोगा मदावी को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत अब स्थिर है और उन्हें जल्द ही गढ़चिरौली शिफ्ट किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और आसपास के जंगलों में छिपे अन्य नक्सलियों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई गढ़चिरौली क्षेत्र में माओवादियों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में अहम मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications