अमरावती की घटना में पुलिस की लापरवाही की शिकायत पर डिप्टी सीएम का बयान, कहा- हम जांच कराएंगे
मुंबई, जुलाई 03। अमरावती में उमेश कोल्हे की हत्या के मामले में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि राज्य सरकार इसकी जांच करेगी कि इस मामले को पहले चोरी के रूप में कैसे चिन्ह्रित किया गया था। दरअसल, अमरावती की सांसद नवनीत राणा ने पुलिस पर यह आरोप लगाए थे कि हत्या के इस मामले को पहले चोरी का रूप दिया गया था। नवनीत राणा ने ही मांग की थी कि इस लापरवाही के मामले में शहर की एसपी आरती सिंह के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्हीं की शिकायत पर डिप्टी सीएम ने जांच कराए जाने की बात कही है।

अमरावती की घटना पर क्या बोले फडणवीस?
देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अमरावती की घटना बहुती गंभीर और बर्बर है, इस मामले में जरूर कोई अंतरराष्ट्रीय संबंध हो सकते हैं, इसलिए NIA पूरे मामले की जांच कर रही है। फडणवीस ने कहा कि अमरावती की घटना बहुत ही बर्बर है, पुलिस ने मास्टरमाइंड को पकड़ लिया है और NIA इसकी जांच कर रही है। अगर इस मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
21 जून को हुई थी हत्या
आपको बता दें कि बीते 21 जून को अमरावती में उमेश कोल्हे की तीन लोगों ने हत्या कर दी थी। शुरुआत में पुलिस को डकैती के एंगल पर शक हुआ और उस दिशा में ही जांच को आगे बढ़ाया था। हालांकि बाद में पुलिस ने यह पाया कि यह घटना एकदम उदयपुर की घटना जैसी थी, जिसमें नुपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट डालने के लिए उमेश की हत्या कर दी गई थी। आपको बता दें कि उदयपुर में दो मुस्लिम युवकों ने एक टेलर की गला रेतकर हत्या कर दी है।
अमरावती की घटना को लेकर वहां की सांसद नवनीत राणा ने गृहमंत्री अमित शाह ने पत्र लिखकर महाराष्ट्र पुलिस की यह शिकायत की थी कि पुलिस इस मामले में 12 दिनों लूटपाट की जांच करती रही। अमित शाह तक यह बात जाने के बाद फिर पुलिस ने हेट किलिंग का मामला दर्ज किया। गृह मंत्रालय ने रविवार को मामले की जांच एनआईए को सौंप दी। गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया कि इस हत्या में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठनों की संलिप्तता हो सकती है, इसलिए इसकी गहन जांच की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications