होली के दिन महाराष्ट्र से आई राहत की खबर, कोरोना मामलों में गिरावट, सामने आए 31643 नए केस
मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर सोमवार को राहत की खबर सामने आई। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में होली के दिन यानी 29 मार्च को नए कोरोना मामलों में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को राज्य में 31 हजार से अधिक नए मामले सामने आए जबकि एक दिन पहले रविवार को 40 हजार से ज्यादा कोरोना के नए केस दर्ज किए गए थे। महामारी के प्रसार को रोकने के लिए उद्धव ठाकरे सरकार ने कई जिलों में लॉकडाउन लगाए हैं और पूरे महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू भी लागू है।

राज्य स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक होली के दिन महाराष्ट्र से कुल 31,643 नए कोविड-19 केस सामने आए, पिछले 24 घंटे में महामारी से 102 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 20854 लोगों ने कोरोना को मात भी दिया, राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढकर अब 27,45,518 हो गई है। कोरोना वायरस के अब तक कुल 23,53,307 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि राज्य में एक्टिव केस की संख्या 3,36,584 है। वहीं, प्रदेश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,36,584 हो गई है।
सीएम ने दिए थे लॉकडाउन के संकेत
बता दें कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए राज्य में पूर्ण रूप से लॉकडाउन लगाने के संकेत दिए थे। रविवार को वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों और कोविड टास्क फोर्स के साथ बैठक में उद्धव ठाकरे ने निर्देश दिए थे कि अगर लोग कोविड से संबंधित नियमों का उल्लंघन करना जारी रखते हैं तो लॉकडाउन जैसे प्रतिबंधों के लिए तैयार रहें। सीएम के इस बयान पर सोमवार को महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा, 'हम लॉकडाउन नहीं लगा सकते, हमने मुख्यमंत्री से अन्य विकल्पों पर विचार करने को कहा है। बढ़ते मामलों के कारण उन्होंने प्रशासन को लॉकडाउन के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं लेकिन अगर लोग नियमों का पालन करें तो इससे बचा जा सकता है।'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बाद अब राष्ट्रपति आरिफ अल्वी भी कोरोना पॉजिटिव, ली थी वैक्सीन की डोज












Click it and Unblock the Notifications