अनिल देशमुख के खिलाफ CBI ने दर्ज की FIR, घर समेत कई जगहों पर छापेमारी
मुंबई, अप्रैल 24: वसूली मामले में नाम आने के बाद महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख की मुश्किलें फिर से बढ़ गई हैं, जहां सीबीआई ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की। ये मामला पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के आरोपों के आधार पर दर्ज किया गया है। खबर ये भी है कि इसके बाद सीबीआई ने देशमुख के आवास समेत कई जगहों पर छापेमारी की। हालांकि अभी ये नहीं पता चल पाया कि वहां से सीबीआई को क्या बरामद हुआ है।

Recommended Video
दरअसल मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर ने देशमुख और सचिन वाजे पर गंभीर आरोप लगाते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। जिस पर कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए। कोर्ट ने ये भी साफ किया था कि पहले 15 दिनों के अंदर सीबीआई मामले की प्रारंभिक जांच करके रिपोर्ट दे, अगर मामला सही पाया जाता है तो ही देशमुख के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो। इसी फैसले के आधार पर सीबीआई ने अब देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही कई जगहों पर छापेमारी की, जिसमें उनका घर भी शामिल है।
वाजे की गिरफ्तारी से बदले हालात
दरअसल एंटीलिया केस में पुलिस अधिकारी सचिन वाजे का नाम सामने आने पर एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस के कई अधिकारियों पर भी जांच की तलवार लटकी, जिसको देखते हुए सरकार ने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का ट्रांसफर कर दिया। इस बीच गृहमंत्री अनिल देशमुख ने भी उनके ऊपर कई टिप्पणियां कीं। जिससे नाराज परमबीर ने देशमुख के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और महाराष्ट्र के सीएम के नाम एक चिट्ठी लिखकर उसे सार्वजनिक कर दिया।
100 करोड़ की वसूली का टारगेट
परमबीर का आरोप है कि गृहमंत्री अनिल देशमुख का हाथ सचिन वाजे के ऊपर है, जिस वजह से वो गैरकानूनी कामों को अंजाम देता था। इसके अलावा देशमुख ने उसे मुंबई के पब, बार, रेस्टोरेंट से 100 करोड़ रुपये की वसूली का टारगेट दिया था। इसको लेकर वाजे कई बार देशमुख के घर मिलने गया। परमबीर की मांग थी कि सीबीआई इस केस की जांच करे, वरना देशमुख सारे सबूत मिटा देंगे। जिस वजह से वो कोर्ट के पास पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications