BMC Exit Poll Result: मुंबई की 'आम जनता' किसकी बनवा रही सरकार? BJP vs UBT को कितनी सीटें, एग्जिट पोल के नतीजे
BMC Exit Poll Result 2026: मुंबई की सियासत का सबसे बड़ा मुकाबला अब अपने आखिरी मोड़ पर है। 29 नगर निगमों के लिए हुए मतदान के बाद अब सबकी नजर 16 जनवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी है। लेकिन उससे पहले Axis My India के एग्जिट पोल ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC को लेकर बड़ा संकेत दे दिया है। इस बार मुकाबला साफ तौर पर बीजेपी गठबंधन और उद्धव ठाकरे गुट यानी UBT के बीच सिमटता दिख रहा है। सवाल सिर्फ यह है कि मुंबई की आम जनता किसे अपना किंग मान रही है।
एग्जिट पोल में किसकी बन रही सरकार
Axis My India के अनुमान के मुताबिक, बीएमसी के कुल 227 वार्डों में से बीजेपी गठबंधन यानी बीजेपी और शिंदे गुट को 131 से 151 सीटें मिल सकती हैं। वहीं ठाकरे बंधुओं की UBT को 58 से 68 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। कांग्रेस को 12 से 16 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य दलों के खाते में 6 से 12 सीटें जा सकती हैं। यह आंकड़े बता रहे हैं कि बीएमसी पर इस बार भगवा गठबंधन की पकड़ मजबूत नजर आ रही है।

🟡 झुग्गी से सोसायटी तक...मुंबई की असली जनता ने किसे दिया वोट?
मुंबई की राजनीति को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि अलग अलग इलाकों में जनता ने किसे कितना समर्थन दिया। झुग्गी इलाकों में मुकाबला बेहद कड़ा है, जहां UBT को 35 प्रतिशत और बीजेपी+ को 33 प्रतिशत वोट मिले हैं। यानी यहां ठाकरे गुट हल्की बढ़त बनाए हुए है।
इलाकों के हिसाब से वोट शेयर की तस्वीर
BJP+
- झुग्गी इलाकों में 33% वोट
- चॉल क्षेत्रों में 40% वोट
- सोसायटी और इमारतों में सबसे मजबूत पकड़, 51% वोट
UBT+ (उद्धव गुट)
- झुग्गियों में सबसे आगे, 35% वोट
- चॉल इलाकों में 33% समर्थन
- बिल्डिंग इलाकों में गिरावट, सिर्फ 29% वोट
Congress+
- झुग्गी इलाकों में 17%
- चॉल में 14%
- बिल्डिंग इलाकों में सबसे कमजोर, सिर्फ 8%
Others (अन्य पार्टियां और निर्दलीय)
- झुग्गी इलाकों में 15%
- चॉल में 13%
- बिल्डिंग में 12%
- 'Others' में शामिल दल (NCP (अजीत पवार गुट), BSP, AAP, SP, AIMIM, ABS, छोटी पार्टियां और निर्दलीय उम्मीदवार)
🟡 जाति और समुदाय के हिसाब से किसका दबदबा
मराठी मानुष का झुकाव अब भी ठाकरे बंधुओं की ओर दिख रहा है। एग्जिट पोल के मुताबिक, मराठी वोटरों में से 49 प्रतिशत ने UBT को चुना है, जबकि बीजेपी गठबंधन को 30 प्रतिशत मराठी वोट मिले हैं।
उत्तर भारतीय वोटरों में तस्वीर पूरी तरह उलट है। यहां बीजेपी+ को 68 प्रतिशत समर्थन मिला है, जबकि UBT सिर्फ 19 प्रतिशत पर रह गया।
दक्षिण भारतीय वोटों में भी बीजेपी आगे है, जहां उसे 61 प्रतिशत और UBT को 21 प्रतिशत वोट मिले हैं। मुस्लिम वोटों में UBT को बढ़त मिली है, जहां उसे 28 प्रतिशत और बीजेपी को 12 प्रतिशत वोट मिले हैं।
🟡 कुल वोट शेयर ने खोली पूरी तस्वीर
पूरे बीएमसी चुनाव में बीजेपी गठबंधन को 42 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है, जबकि UBT को 32 प्रतिशत वोट मिले हैं। कांग्रेस 13 प्रतिशत पर है। पुरुषों में बीजेपी+ को 40 प्रतिशत और महिलाओं में 44 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है, जिससे साफ है कि महिला मतदाताओं का झुकाव भी बीजेपी की ओर ज्यादा रहा है।
🟡 मुंबई ही नहीं, पूरे महाराष्ट्र में मुकाबला
मुंबई के साथ साथ ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण डोंबिवली, मीरा भायंदर, वसई विरार, पुणे, पिंपरी चिंचवड, नागपुर समेत 29 नगर निगमों में वोटिंग हुई है। अकेले बीएमसी में 227 वार्डों के लिए करीब 1700 उम्मीदवार मैदान में थे। शुक्रवार सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और तभी साफ हो जाएगा कि एग्जिट पोल के अनुमान कितने सही बैठते हैं।
फिलहाल तस्वीर यही बता रही है कि झुग्गी में ठाकरे, चॉल और सोसायटी में बीजेपी का जलवा है। अब देखना यह है कि असली नतीजे भी मुंबई की आम जनता के इसी मूड को दोहराते हैं या फिर कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर सामने आता है।












Click it and Unblock the Notifications