Akshay Shinde Encounter: बदलापुर रेप आरोपी के एनकाउंटर पर राजनीति शुरू, कांग्रेस ने शिंदे सरकार को घेरा
Akshay Shinde Encounter: महाराष्ट्र के बादलपुर स्कूल में मासूम बच्चियों के शोषण के मामले में गिरफ्तार आरोपी अक्षय शिंदे ने पुलिस का हथियार छीनकर गाड़ी में पुलिस पर फायरिंग की। इसमें पुलिस अधिकारी भी घायल हुए, जिसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में अक्षय शिंदे को गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिंदे ने शाम करीब 5.30 बजे पुलिस वाहन में जेल से ले जाए जाने के दौरान एक अधिकारी से हथियार छीन लिया और फायरिंग कर दी। इस दौरान कई राउंड गोलीबारी हुई, जिसमें पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए।

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस एनकाउंटर के बाद राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस घटना पर शिंदे सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकार मुख्य अपराधियों को बचाने में लगी हुई है।
नाना पटोले ने शिंदे सरकार को घेरा
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने इस घटना पर कहा कि बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी की मौत की बातें सामने आ रही है। हमारी मांग है कि किसी भी आरोपी को बख्शा ना जाए ताकि ऐसी घटना दोबारा ना हो। सरकार मुख्य अपराधियों को बचाने का प्रयास क्यों कर रही है, न्यायालय इसकी जांच करे, यह कांग्रेस पार्टी की मांग है।
CJI को इस मामले का स्वत: संज्ञान लेना चाहिए- चव्हाण
कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा, "पुलिस की कहानियां एक के बाद एक बदल रही हैं, पहले कहा गया कि उसने आत्महत्या करने की कोशिश की, फिर कहा गया कि यह एक एनकाउंटर है, फिर कहा गया कि वह पुलिस पर हमला कर रहा था। एनकाउंटर किसका होता है? एनकाउंटर आतंकवादियों, अंडरवर्ल्ड के गुनहगारों का होता है। ऐसा लगता है कि शायद पुलिस किसी उच्च पद पर बैठे व्यक्ति को बचाने की कोशिश कर रही है। यह बहुत गंभीर मामला है। मुझे लगता है कि CJI को इस मामले का स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और इस घटना को अपने हाथ में लेना चाहिए।"
महाराष्ट्र के एलओपी और कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा, "पुलिस ने बदलापुर की घटना को गंभीरता से नहीं लिया है। पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन हुए। गृह विभाग और सरकार ने आरोपियों को बचाने की हरसंभव कोशिश की... आज जो घटना हुई, उसमें पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, मुझे लगता है कि इसमें कुछ गड़बड़ है। हो सकता है कि मुख्य आरोपी की हत्या करके भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों को बचाने की कोशिश की गई हो। हम इसकी न्यायिक जांच की मांग करते हैं..."
'वे आरोपी के साथ खड़े हैं या महाराष्ट्र पुलिस के साथ'
शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) नेता संजय निरुपम ने कहा, "बदलापुर घटना के आरोपी का एनकाउंटर होना अच्छी खबर है। जो लोग इस एनकाउंटर पर सवाल उठा रहे हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वे आरोपी के साथ खड़े हैं या महाराष्ट्र पुलिस के साथ। जब यह घटना हुई थी तो यही लोग कह रहे थे कि आरोपी को सार्वजनिक रूप से फांसी मिलनी चाहिए और आज वे इस पर सवाल उठा रहे हैं। मैं सभी विपक्षी नेताओं से अपील करूंगा कि वे आरोपी के लिए आंसू बहाने के बजाय महाराष्ट्र पुलिस के साथ खड़े हों।"
एनकाउंटर पर क्या बोले सीएम शिंदे?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "बदलापुल मामले में आरोपी की पूर्व पत्नी ने लैंगिक अत्याचार का मामला दर्ज कराया था। इसमें उसे (अक्षय शिंदे को) जांच के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान उसने एक पुलिसकर्मी नीलेश मोरे पर गोली चलाई जो घायल हो गया उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आत्मरक्षा में यह कार्रवाई की। जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी।"
डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस का बयान
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एनकाउंटर पर कहा, "उसकी (अक्षय शिंदे) पूर्व पत्नी ने यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था, पुलिस वारंट लेकर उसे जांच के लिए ले जा रही थी। उसने पुलिस की बंदूक छीनकर पुलिस वालों पर और हवा में भी फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में उसपर फायरिंग की। उसे अस्पताल ले जाया गया। इसके बारे में डॉक्टर बाद में बताएंगे लेकिन हमारे पास जो प्रारंभिक जानकारी है उसके अनुसार उसकी मौत हो गई है। विपक्ष हर बात पर सवाल उठाता है, यही विपक्ष उसे फांसी पर लटकाने की मांग कर रहा था। अगर पुलिस पर गोली चलाई जाती है तो पुलिस अपनी आत्मरक्षा करेगी या नहीं? इस पर कोई मुद्दा बनाना गलत है।"












Click it and Unblock the Notifications