'महाराष्ट्र के सीएम बनेंगे अजित पवार': पृथ्वीराज चव्हाण ने किया बड़ा दावा, फडणवीस ने दिया जवाब-VIDEO
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने सोमवार को दावा किया है कि एनसीपी के दिग्गज और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार 10 अगस्त के आसापास तक राज्य के मुख्यमंत्री नियुक्त हो सकते हैं।
अजित पवार इसी महीने की शुरुआत में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार में शामिल हुए हैं। लेकिन, सोमवार को चव्हाण ने उनको लेकर बड़ा दावा करके राज्य की राजनीतिक को गर्म करने की कोशिश की है। लेकिन, बीजेपी के दिग्गज और राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उनके दावों को सिरे से खारिज करने की कोशिश की है।

अयोग्यता पर फैसला आने के बाद सीएम बनने का दावा
महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेसी पृथ्वीराज चव्हाण ने सोमवार को कहा है कि एनसीपी के दिग्गज अजित पवार 10 अगस्त के आसपास मौजूदा मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे की जगह नए मुख्यमंत्री नियुक्त होंगे। उन्होंने दावा किया कि सीएम शिंदे और शिवसेना के अन्य 15 अन्य विधायकों की अयोग्यता पर फैसला 10 अगस्त के आसपास आएगा।
बीजेपी शिंदे की अगुवाई में नहीं लड़ना चाहती अगला चुनाव- चव्हाण
चव्हाण ने एक क्षेत्रीय न्यूज चैनल को बताया है कि 'शिंदे और अन्य एमएलए की अयोग्यता पर फैसला आने के बाद मौजूदा डिप्टी सीएम अजित पवार 10 अगस्त के आसपास मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाएंगे।' कांग्रेस नेता ने यहां तक दावा किया कि बीजेपी एकनाथ शिंदे की अगुवाई में अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहती है, क्योंकि, 'उनका अपने गृहजिले ठाणे के बाहर कोई प्रभाव नहीं है।'
'इस्तेमाल करो और फेंको' पीएम मोदी की कार्यशैली- कांग्रेस नेता
राज्य के पूर्व सीएम ने यह भी दावा किया कि 'बीजेपी के पास अब अजित पवार के रूप में एक विकल्प है।' उन्होंने आरोप लगाया कि 'इस्तेमाल करो और फेंको' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली है। वो बोले कि 'शिंदे का यही भविष्य है। बीजेपी की टॉप लीडरशिप की समझ के हिसाब से यह संकेत मिलता है कि वे अजित पवार को मुख्यमंत्री बनाकर चुनाव में जाना चाहते हैं।'
एकनाथ शिंदे ही रहेंगे मुख्यमंत्री- फडणवीस
उधर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने चव्हाण के दावों पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि 'आजकल कई वरिष्ठ नेता अटकलबाजी करते दिखाई पड़ते हैं।' वे बोले कि 'महायुति के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी हैं,महायुति के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी ही रहने वाले हैं। उसमें कोई बदलाव नहीं होने वाला।'
पतंग उड़ा रहा है विपक्ष- उपमुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि 'महायुति की सबसे बड़ी पार्टी के नेता के नाते मैं ये बात स्पष्टता के साथ कह देना चाहता हूं। कोई अपने मन में कंफ्यूजन न रखे।' उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष भी कंफ्यूजन पैदा करने की कोशिश करे तो समझ लीजिए कि वे पतंग उड़ा रहे हैं, उनकी पसंद कट जाएगी।
अजित पवार एनसीपी के 8 एमएलए के साथ 2 जुलाई को शिवसेना-बीजेपी गठबंधन सरकार में शामिल हुए थे। पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी, बाकी विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। अजित पवार को महाराष्ट्र की राजनीति में अहम पाने जाने वाला वित्त विभाग दिया गया है। सीएम शिंदे पहले कह चुके हैं कि शरद पवार के भतीजे के आने से उनके लिए कोई खतरा नहीं है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications