शिवसेना के बागी विधायकों की वापसी के आदित्य ठाकरे ने दिए संकेत, कही ये बात
मुंबई, 22 जुलाई। महाराष्ट्र में जिस तरह से शिवसेना के भीतर फूट हुई उसके बाद बागी विधायकों को एक बार फिर से वापसी कराने के मूड में दिख रहे हैं। शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने बागी विधायकों को वापसी का न्योता दिया है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि अगर आप लौटना चाहते हैं तो हम आपका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। आदित्य ठाकरे ने एकनाथ शिंदे के गृह जिले ठाणे के भिवंडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बयान दिया। आदित्य ठाकरे ने कहा कि अगर बागी विधायक विधायक लौटना चाहते हैं तो हम उनका स्वागत करते हैं लेकिन आपके इस काम ने हमे दुख पहुंचाया है। हमने इन लोगों को गले लगाया था, लेकिन इन लोगों ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा।

बता दें कि शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने पार्टी के कार्यकर्ताओं तक पहुंचने के लिए निष्टा यात्रा की शुरुआत की है। भाजपा पर हमला बोलते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाविकास अघाड़ी की सरकार ने कभी भी अपने विधायकों, सांसदों और अन्य नेताओं की जासूसी नहीं की। जब मेरे पिता उद्धव ठाकरे अस्वस्थ थे और ठीक हो रहे थे उस वक्त इन लोगों ने उन्हें धोखा दिया। तबीयत खराब होने की वजह से मेरे पिता घर से ही काम कर रहे थे, लेकिन जब ठीक होने के बाद मेरे पिता ने ऑफिस जाना शुरू किया तो मंत्री उनकी मौजूदगी से असहज होने लगे।
आदित्य ठाकरे ने नासिक के सांसद हेमंत गोडसे पर आरोप लगाया कि उन्होंने बागी विधायकों का समर्थन किया। हमने गोडसे की जीत के लिए उनका बढ़-चढ़कर प्रचार किया, लेकिन बावजूद इसके उन्होंने हमे धोखा दिया। वहीं जब आदित्य के बयान के बारे में एकनाथ शिंदे से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें जो बोलना है बोलने दीजिए, हम आलोचना का जवाब काम से दे रहे हैं। महाराष्ट्र के लोगों ने हमारे राजनीतिक कदम की पुष्टि की है, लोग हमे अपना समर्थन दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications